राजदत्त ने अध्यक्ष तो तुलसी जोशी ने उपाध्यक्ष के लिए किया नामांकन
महापौर व उप महापौर और वार्ड समितियों के चुनाव संपन्न होने के बाद स्थायी समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव 6 जुलाई को होंगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : महापौर व उप महापौर और वार्ड समितियों के चुनाव संपन्न होने के बाद स्थायी समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव 6 जुलाई को होंगे। इसके लिए भाजपा पार्षद व पूर्व उप महापौर राजदत्त गहलोत ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है तो वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए तुलसी जोशी ने नामांकन किया है। दोनो का निर्विरोध चुना जाना तय है क्योंकि दोनों पदों पर एक-एक ही नामांकन प्राप्त हुआ है।
राजदत्त वार्ड संख्या 35 ककरोला से पार्षद हैं तो वहीं तुलसी जोशी वार्ड संख्या 65 आरकेपुरम से पार्षद हैं। जोशी इससे पूर्व लगातार दो वर्षो तक दक्षिणी जोन की अध्यक्ष रही हैं। इसकी वजह से भाजपा ने उन्हें स्थायी समिति का उपाध्यक्ष बनाकर पदोन्नत किया है। बुधवार को भाजपा उम्मीदवारों ने नेता सदन नरेंद्र चावला और अन्य भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में निगम सचिव को नामांकन सौंपा। 6 जुलाई को दोपहर दो बजे सिविक सेंटर में इसकी चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।