बनी हुई है खराब हवा में सांस लेने की मजबूरी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली में हवा की गुणवत्ता का स्तर अभी भी खराब बना हुआ है। हालांकि
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली में हवा की गुणवत्ता का स्तर अभी भी खराब बना हुआ है। हालांकि अभी दिल्ली को बेहद खराब स्थिति से राहत मिली हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनिट¨रग स्टेशन में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) शनिवार को 267 दर्ज किया गया। यह शुक्रवार (285) की तुलना में कम है, लेकिन फिर भी हवा का स्तर खराब है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली में आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार में कमी आएगी तो प्रदूषण फिर से बढ़ सकता है। इस पूरे सीजन में इसी तरह से प्रदूषण का स्तर दिल्ली में बना रहेगा क्योंकि सर्दी में हवा में मौजूद प्रदूषित कण एक ही जगह पर लंबे समय से ठहर जाते हैं। यह मौसम की गतिविधियों और वाहनों से हो रहे प्रदूषण के कारण लगातार घटते एवं बढ़ते रहते हैं। स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा कि इन दिनों दिल्ली में हवा तेज रफ्तार से चल रही है, जिस वजह से शुक्रवार की तुलना में शनिवार को प्रदूषण का स्तर गिर गया। लेकिन यह अभी भी खराब स्तर पर बना हुआ है। आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार थम सकती है, जिसकी वजह से प्रदूषण फिर से बढ़ सकता है। 23 नवंबर तक सुबह छाएगा कोहरा
दिल्ली में ठंड भी बढ़ती जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 86 और न्यूनतम 35 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह के वक्त बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही हल्का कोहरा भी छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 23 नवंबर तक दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है।