महिला आयोग ने जींस रंगने वाली फैक्ट्रियों की मांगी जानकारी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली में जींस की रंगाई करने वाली फैक्ट्रियों से निकलने वाले
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली में जींस की रंगाई करने वाली फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले केमिकल से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। दिल्ली महिला आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को पत्र लिखकर फैक्ट्रियों के बारे में जानकारी मांगी है। पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी नोटिस दिया है।
मुस्तफाबाद की शिव विहार कॉलोनी में जींस रंगने वाली फैक्ट्रियों से निकलने वाले केमिकल से कैंसर फैलने और लोगों के बीमार होने की खबरें मीडिया में आई थीं, जिस पर महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष स्वाति जय¨हद ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिव विहार में इस तरह की कई फैक्ट्रियां चल रही हैं। केमिकल व एसिड खुले में नालियों में बहाया जा रहा है। इससे भूजल दूषित हो रहा है। शिव विहार की दो गलियों में ही दो लोगों की मौत हो चुकी है और आठ लोगों में ट्यूमर पाया गया।
आयोग ने पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से पूछा है कि इस संक्रमण पर सभी ने क्या-क्या कार्रवाई की है। क्या ये फैक्ट्री वैध हैं? केमिकल को खुले में बहने से रोकने के लिए पुलिस, निगम और बोर्ड ने क्या कोई कार्रवाई की है? प्रदूषण से सबसे ज्यादा महिलाएं एवं बच्चे प्रभावित हो रहे हैं।