अतिक्रमण पर चला पीला पंजा : आयुक्त ने किया दौरा, तीन अधिकारियों पर गिरी गाज
निगम अधिकारियों ने बताया कि विकास आनंद शनिवार को अकेले ही औचक निरीक्षण पर निकल गए। पहले स्कूल ब्लाक शकरपुर इलाके में पहुंचे। यहां कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निगमकर्मियों ने तुरंत साफ-सफाई शुरू कर दी। इसके बाद वह कड़कड़डूमा इलाके में पहुंचे।
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। पूर्वी निगम के नए आयुक्त विकास आनंद ने शनिवार को कड़कड़डूमा इलाके का दौरा किया। यहां कई जगहों पर फुटपाथ पर अतिक्रमण और कुछ जगहों पर गंदगी भी नजर आई। इसका खामियाजा निगम के तीन अधिकारियों को भुगतना पड़ा। आयुक्त ने सफाई निरीक्षक अक्षय कुमार राणा, जन स्वास्थ्य निरीक्षक रविंदर को निलंबित कर दिया। इसके अलावा ठेके पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर बलबीर सिंह मीणा की सेवा समाप्त कर दी। इनके खिलाफ जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। आयुक्त की कार्रवाई के बाद निगम का दस्ता फुटपाथों से अतिक्रमण और अन्य जगहों से गंदगी हटाने में जुट गया। शाहदरा दक्षिणी जोन के जनरल विभाग के अधिकारियों ने कड़कड़डूमा के साथ गांधीनगर इलाके में भी कार्रवाई शुरू कर दी।
निगम अधिकारियों ने बताया कि विकास आनंद शनिवार को अकेले ही औचक निरीक्षण पर निकल गए। पहले स्कूल ब्लाक, शकरपुर इलाके में पहुंचे। यहां कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निगमकर्मियों ने तुरंत साफ-सफाई शुरू कर दी। इसके बाद वह कड़कड़डूमा इलाके में पहुंचे। यहां एक डीडीए पार्क के पास कूड़ा पड़ा हुआ था। इसके अलावा फुटपाथ पर अतिक्रमण नजर आया। समुदाय भवन में भी काफी खामियां मिलीं।
निगमायुक्त ने इसे लापरवाही माना और मौके पर ही कार्रवाई कर दी। इसकी जानकारी शाहदरा दक्षिणी जोन के कार्यालय में पहुंची तो छह ट्रकों और जेसीबी मशीन के साथ निगम का दस्ता कड़कड़डूमा इलाके में पहुंच गया। यहां आनंद विहार, ऋषभ विहार, कड़कड़डूमा गांव के बी ब्लाक मार्केट में अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। फुटपाथ तक अतिक्रमण कर बनाई गईं अस्थायी दुकानों को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया। रेहड़ी को जब्त कर लिया गया।
इसके बाद गांधीनगर में भी निगम का दस्ता कार्रवाई के लिए पहुंच गया। कैलाश नगर से गीता काॅलोनी श्मशान घाट तक पुश्ता मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया। दोनों जगहों निगम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस की मदद ली गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि गांधीनगर पुश्ता मार्ग से कई वाहन, रेहड़ी के अलावा दुकानों का सामान भी जब्त किया गया है जो सड़क पर रखे हुए थे। इसकी वजह से यातायात अवरुद्ध हो रहा था। अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामानों की कीमत का आंकलन किया जा रहा है।
दरअसल निगमायुक्त ने पिछले दिनों सभी अधिकारियों को सफाई के अलावा फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के आदेश जारी किए थे। निगरानी के लिए मुख्यालय के अधिकारियों को दौरे पर भेजा जा रहा है। बीच-बीच में विकास आनंद खुद भी वार्डों में निरीक्षण के लिए पहुंच जाते हैं। पिछले दिनों त्रिलोकपुरी में उन्होंने दौरा किया था। वहां दो सफाई निरीक्षकों को निलंबित किया गया था।