यमुना एक्सप्रेस वे पर जानें से पहले जरूर पढ़ लें यह खबर, नहीं तो कट जाएगा चालान
एक्सप्रेस वे के लिए बने एप पर भी रफ्तार की सीमा को 75 किमी प्रति घंटे फीड किया जाएगा। इससे अधिक होने पर वाहन चालक के मोबाइल पर संदेश आ जाएगा।
नोएडा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर 15 दिसंबर से दो माह के लिए वाहनों की अधिकतम रफ्तार 75 किमी प्रति घंटा होगी। सर्दियों में कोहरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एक्सप्रेस वे पर सफर सुरक्षित बनाने के लिए गुरुवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में हुई बैठक में जेपी इंफ्राटेक को कोहरे के मद्देनजर जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।
सर्दी में बढ़ जाते हैं हादसे
सर्दियों के दौरान एक्सप्रेस वे पर कोहरे के कारण हादसे बढ़ जाते हैं। इसे देखते हुए वाहनों की गति सीमा को कम किया गया। एक्सप्रेस वे पर वाहन अधिकतम 75 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ही गुजर सकेंगे। इससे अधिक रफ्तार होने पर वाहन चालकों का चालान किया जाएगा।
75 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा पर कटेगा चालान
एक्सप्रेस वे के लिए बने एप पर भी रफ्तार की सीमा को 75 किमी प्रति घंटे फीड किया जाएगा। इससे अधिक होने पर वाहन चालक के मोबाइल पर संदेश आ जाएगा। बैठक में प्राधिकरण सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने वाहन चालकों की जागरूकता के लिए प्रारंभिक व अंतिम बिंदु एवं टोल प्लाजा पर पंफ्लेट बांटने, एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एंबुलेंस रहेंगे मौजूद
इसके अलावा हादसे की स्थिति में जानकारी देने के लिए टोल फ्री लाइन, वाट्स एप आदि को अपडेट करने के भी निर्देश दिए। एक्सप्रेस वे पर रफ्तार सीमा कम होने की सूचना अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। एक्सप्रेस वे पर गुरुवार से चार चार एंबुलेंस एवं क्रेन की अतिरिक्त व्यवस्था कर दी गई है।