चाची से संबंध बनाना चाहता था भतीजा, महिला ने उठाया खौफनाक कदम
महिला ने पुलिस को बताया कि रिश्ते में उसका भतीजा उसे कुछ समय से तंग कर रहा था और उस पर नाजायज रिश्ता बनाने का दबाव बना रहा था।
सोनीपत (जेएनएन)। दिल्ली से सटे सोनीपत में इंसानियत के साथ इंसानी रिश्ते को भी शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां पर रिश्ते में लगने वाला भतीजा अपनी चाची से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। हद तो तब हो गई जब वह घर में घुस आया और शारीरिक संबंध बनाने की बात नहीं मानने पर कहा कि तेरी बहन की शादी नहीं होने दूंगा। उसे उठा ले जाऊंगा। आखिरकार तंग आकर महिला ने खुदकुशी कर ली।
जान गंवाने से अस्पताल में भर्ती महिला ने पुलिस को बताया कि रिश्ते में उसका भतीजा उसे कुछ समय से तंग कर रहा था और उस पर नाजायज रिश्ता बनाने का दबाव बना रहा था। ऐसे में उसने पति को सारी बात बता दी।
जिस पर अन्य परिजनों के समझाने पर वह उस समय तो मान गया, लेकिन जब भी वह अकेली होती थी तो वह उसके साथ न केवल गाली-गलौज करता था बल्कि उस पर संबंध बनाने का दबाव भी बनाता था। ऐसा न करने पर वह जल्द ही होने वाली उसकी बहन की शादी तक को तुड़वाने की धमकी देता था।
बुधवार को वह घर पर अकेली थी। आरोपी उसके घर में घुस आया और बोला कि तेरी बहन की शादी नहीं होने दूंगा। उसे उठा ले जाऊंगा।
विवाहिता का कहना था कि आरोपी ने संबंध नहीं बनाने पर जान से मार देने की धमकी भी दी, जिस पर उसने कहा कि अगर वह ऐसा-वैसा कुछ भी करेगा तो वह खुद पर तेल छिड़कर आग लगा लेगी, लेकिन उसके साथ नाजायज संबंध नहीं बनाएगी।
यह है पूरा मामला
गांव सिसाना निवासी महिला ने मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे खरखौदा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे पीजीआइ रोहतक रेफर किया गया। महिला की हालत नाजुक होने के चलते परिजनों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर तीन दिन बाद मौत हो गई।
महिला ने इससे पहले पुलिस को दिए बयान में अपने एक भतीजे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।