सिर पर डंडे से वार कर महिला की हत्या, लिव इन पार्टनर फरार
महिला की हत्या के बाद उसका लिव इन पार्टनर गायब है। ऐेसे में पुलिस उसे आरोपित मान कर उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान रेखा (35) के रूप में हुई है।
नई दिल्ली, संजय सलिल। भलस्वा डेरी इलाके में महिला के सिर पर डंडे से वारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद महिला का लिव इन पार्टनर गायब है। ऐेसे में पुलिस उसे आरोपित मान कर उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान रेखा (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रेखा के पति मनोज की दस साल पहले मौत हो गई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ भलस्वा डेरी इलाके मे रह रही थी। बताया जाता है कि तीन साल पूर्व महिला की दोस्ती मुकेश नाम के युवक से हो गई थी। वह साप्ताहिक बाजारों में छोले भटूरे की रेहड़ी लगाता है। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
सोमवार की सुबह दूसरे कमरे में सो रहे रेखा के दोनों बच्चों ने देखा कि उनकी मां कमरे में लहुलुहान पड़ी हुई है व हाथ पैर बंधे होने के साथ मुंह में कपड़ा भी ठूंसा हुआ है। सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। बच्चों ने तुंरत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पााया कि महिला की मौत हो चुकी है। जांच के दौरान पता चला कि रविवार की रात मुकेश व रेखा एक साथ कमरे में साेने के लिए गए थे। लेकिन वह फरार है। बहरहाल, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बदमाशों से भिड़े पिता-पुत्री
इधर, नंद नगरी में बदमाशों ने ई-रिक्शा में सवार एक युवती के मोबाइल पर झपट्टा मार दिया। युवती ने भी हार नहीं मानी और मोबाइल नहीं छोड़ा। रिक्शा चला रहे युवती के पिता ने बदमाशों की मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर गिरा दिया। पिता-पुत्री बदमाशों से भिड़ गए। बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले। पीड़िता काजल परिवार के साथ नंद नगरी में रहती हैं। वह एक निजी कंपनी में काम करती हैं। जबकि पिता वीरू पेशे से रिक्शा चालक हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो