चौथी मंजिल से गिरी महिला, शव को कांधे पर रख युवक ने थोड़ी दूर ले जाकर फेंका; पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस को घटना का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें महिला छत से गिरती हुई दिख रही है। हादसे के कुछ समय बाद एक युवक उस मकान से बाहर आता है और शव को कंधे पर उठाकर कुछ दूरी पर ले जा कर फेंक देता है।
नई दिल्ली, धनंजय। सुभाष प्लेस थाना इलाके के शकूरपुर के एच ब्लाॅक स्थित मकान की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक महिला की मौत हो गई। अभी पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि महिला खुद ही छत से गिरी है या उसको छत से किसी ने गिराया है या फिर महिला ने आत्महत्या की है। घटना देर रात एक बजे ही है।
पुलिस को पूरी घटना का मिला है सीसीटीवी फुटेज
पुलिस को घटना का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें महिला छत से गिरती हुई दिख रही है। हादसे के कुछ समय बाद एक युवक उस मकान से बाहर आता है, और शव को कंधे पर उठाकर कुछ दूरी पर ले जा कर फेंक देता है।
फुटेज में दिखा एक संदिग्ध शख्स
पुलिस जांच में पता चला कि जिस युवक ने महिला के शव को कंधे पर रख कर फेंका है वह इसी मकान में रहता है उसकी पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई। वारदात के बाद से मुकेश अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से फरार हो गया। वह मूलरूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित को लखनऊ के आस-पास से गिरफ्तार किया है।
मुकेश शकूरपुर में प्लेसमेंट एजेंसी चलाता है
बताया जा रहा है कि मुकेश शकूरपुर में प्लेसमेंट एजेंसी चलाता है। यह भी बात सामने आ रही है कि वारदात के बाद मुकेश इलाके में ही रात तीन बजे तक घूमता रहा। फिलहाल पुलिस मुकेश से पूछताछ कर रही है। इसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि आखिर महिला की मौत कैसे हुई है और उस महिला से इसका क्या संबंध है। महिला की मौत के पीछे के सारे कारण इस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।