देश में इस बार काफी पहले दस्तक देगी ठंड, सामने आ रही है ये बड़ी वजह
सितंबर में हुई बारिश के प्रभाव से अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में तापमान में होने वाली गिरावट इस बार अभी से होने लगी है। जल्द ही यह गिरावट और बढ़ने की संभावना है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। इस बार मानसून के दौरान, खासकर सितंबर में हुई रिकॉर्ड बारिश का असर अभी ही दिखने लगा है। इसके प्रभाव से अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में तापमान में होने वाली गिरावट इस बार अभी से होने लगी है। जल्द ही यह गिरावट और बढ़ने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, आमतौर पर अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में तापमान में गिरावट शुरू होती है। पिछले तीन सालों से तो 20 अक्टूबर तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 36 और न्यूनतम 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा था। इसलिए लोगों को अक्टूबर मध्य में भी गर्मी महसूस होती थी। लेकिन, इस बार तापमान का गिरना अभी से शुरू हो गया है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में जल्दी सर्दी आने के आसार हैं।
इस समय दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 34 और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। इतना ही नहीं, अगले एक हफ्ते में इसके काफी तेजी से गिरने की संभावना है। अक्टूबर तक अधिकतम तापमान महज 31 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.7 वहीं न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर भी 34 से 90 फीसद रहा। गुरुवार को दिनभर दिल्ली में बादल छाए रहे। कुछ जगहों जैसे एयरपोर्ट, लोदी रोड, वसंत कुंज आदि में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, आयानगर, डेरामंडी गुरुग्राम आदि में भी बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को तापमान अधिकतम 33 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। बदलते मौसम में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति भी ज्यादा गंभीर होना होगा, वरना सर्दी-जुकाम और बुखार की चपेट में आ सकते हैं। खासकर सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।