दिल्ली में सामने आया अजब मामला: इंजीनियर की मौत के बाद 2 दिन तक शव के साथ रही पत्नी
पत्नी दो दिन तक शव के साथ ही बैठी रही। रात में पति के साथ ही सोती। उसे पति की मौत का यकीन ही नहीं हुआ। बेटी और घरेलू सहायिका को महिला ने यही बताया कि उनकी तबीयत खराब है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कमला मार्केट इलाके में रेलवे क्वार्टर में इंजीनियर की मौत के बाद उसकी पत्नी दो दिन तक शव के साथ ही बैठी रही। रात में पति के साथ ही सोती। उसे पति की मौत का यकीन ही नहीं हुआ। बेटी और घरेलू सहायिका को महिला ने यही बताया कि उनकी तबीयत खराब है।
बुधवार को जब बेटी ने पिता की नाक और मुंह से खून आते देखा तो उसे शक हुआ। उसने मामा को सूचना दी। जिसके बाद बुधवार दोपहर करीब एक बजे कमला मार्केट पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मृतक की पहचान जय कुमार (59) के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से हृदय की बीमारी से ग्रस्त थे। परिजनों के निवेदन पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
पुलिस के मुताबिक, जय कुमार रेलवे में इंजीनियर थे। उनकी पत्नी मीना (55) रेलवे के ही स्कूल में अध्यापक हैं। दोनों की एक बेटी है। जय कुमार परिवार के साथ रेलवे कॉलोनी में ही रहते थे। तीन दिन पहले जय कुमार की अचानक मौत हो गई पर पत्नी को उनकी मौत का बिल्कुल भी यकीन नहीं हुआ। वह घरेलू सहायिका और बेटी को यही बताती रहीं कि पति की तबीयत खराब है और वह आराम कर रहे हैं। बुधवार को जब बेटी ने पिता की नाक और मुंह से खून आते देखा तो उसे शक हुआ। उसने पिता को आवाज दी और हिलाकर देखा तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। जिसके बाद उसने तुरंत मामा को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मीना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसकी वजह से वह पति की मौत को स्वीकार नहीं कर पा रही थीं।