पत्नी को जंजीरों में जकड़ने वाला पहुंचा सलाखों के पीछे
पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।इस मामले में जांच कर रही है कि यह आखिर कैसे हुआ।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। पत्नी एक ऐसी साथी होती है जो हर कदम पर पति का साथ देती है। लेकिन एक पति ने हैवानियत की हद पार करते हुए पति-पत्नी के पाक रिश्ते को शर्मसार कर दिया। जिस पत्नी को पलकों पर बैठाया जाता है, उसी के पैरों में लोहे की जंजीरे बांध दी, ताकि पत्नी अपनी जगह से हिल भी न पाए। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
महिला को मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान (इहबास) में भर्ती करवाया गया है, जहां इलाज के साथ ही डॉक्टर उनकी काउंसलिंग कर रहे हैं। उस खौफनाक दर्द से बाहर निकाल रहे हैं, जो महिला ने काफी वक्त तक झेला है। पति ने महिला की हालत ऐसी कर दी कि उसे जंजीर में बंधे रहते ही फर्श पर ही शौच करना पड़ता। शौच की गंद व बदबू पर प्रताड़ना से महिला की मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई।
आरोपित ने पुलिस गिरफ्त में बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से कमजोर है, इसलिए उसने उसे जंजीरों से बांधा हुआ था। ताकि वह कही चली न जाए। महिला के तीन छोटे बच्चे हैं, बच्चों ने पुलिस को अपने पिता की हैवानियत से रूबरू करवाया। बच्चों ने कहा कि शायद ही कोई दिन जाता होगा जब पिता उनकी मां को पीटते न हों। कई बार मो मां को एक वक्त की रोटी तक नसीब नहीं हो पाती थी।
यह घटना सामने आने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है, लोग पुलिस से मांग कर रहे हैं कि आरोपित को ऐसी सजा दी जाए जो समाज के लिए नजीर बने। बता दे दिल्ली महिला आयोग की टीम ने मंगलवार को त्रिलोकपुरी में एक घर से महिला को आजाद करवाया था, महिला के पति ने पिछले छह माह से एक कमरे में जंजीर से बांधा हुआ था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो