Coronavirus News Update: दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों पर किसने लगाई रोक? छिड़ी श्रेय लेने की होड़
Coronavirus News Update श्रेय भारतीय जनता पार्टी को मिले या AAP को मगर सैकड़ों लोगों की जान जरूर बच गई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Coronavirus News Update: कोरोना को रोकने के लिए प्रयोग किए गए दिल्ली मॉडल की चर्चा सभी जगह हो रही है। दरअसल, काम ही ऐसा हुआ है कि चर्चा तो होनी ही है। कितने कोरोना मरीजों की जिंदगी दिल्ली मॉडल ने बचाई गई है। एक समय ऐसा भी आ गया था जब लोगों को लग रहा था कि जिंदगी बचेगी कि नहीं। बहरहाल, दिल्ली की स्थिति अब बेहतर है। कोरोना को रोकने का श्रेय दिल्ली मॉडल को माना जा रहा है। प्रधानमंत्री इसकी तारीफ कर चुके हैं। दूसरे राज्यों में भी इसे लागू करने के लिए कहा गया है। दिल्ली में इस बात की भी चर्चा और वाद-विवाद जोरों पर है कि दिल्ली मॉडल को लागू किसने किया। दिल्ली सरकार इस पर अपना दावा कर रही है। वहीं भाजपा दिल्ली मॉडल को केंद्र की योजना बता रही है। इस पर विवाद बना हुआ है। श्रेय किसी को भी मिले, मगर सैकड़ों लोगों की जान जरूर बच गई है।
स्पीकर का साहित्य प्रेम
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष का साहित्य प्रेम आजकल चर्चा में है। मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उन्होंने दिल्ली से संबंधित साहित्य के बड़े नामों को विधानसभा में बुलाया और उनका सम्मान किया। इनमें संतोषानंद जैसे रचनाकार भी थे। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल के मुंशी प्रेमचंद के पसंदीदा रचनाकार हैं। उन्होंने उनकी रचना बड़े घर की बेटी और गोदान 20 बार से ज्यादा पढ़ी है। बार-बार इन रचनाओं को पढ़ने का कारण पूछने पर वह कहते हैं कि इन रचनाओं को जितनी बार पढ़ा उतनी बार नया अनुभव मिला। वह दिल्ली विधानसभा में हर वर्ष मुंशी प्रेमचंद्र की जयंती मनाने की घोषणा कर चुके हैं। साथ ही वरिष्ठ साहित्यकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। गोयल ने साहित्य के प्रति रुचि को लेकर अपने अनुभव भी बांटे। वह साहित्यकारों को लेकर एक ऐसा प्लेटफार्म बनाना चाहते हैं जिसकी खुशबू दूर तक महकती रहे।