वेबसाइट पर दिखेगी दाह संस्कार के लिए कहां है जगह उपलब्ध, ऐसे करें चेक
मृतक के दाह संस्कार के लिए जाने वालों को अब श्मशान घाट और शवदाह गृह इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लोग पहले ही वेबसाइट पर देखकर वहां कि उपलब्धता को देख सकते हैं। उत्तरी निगम ने इसके लिए वेबसाइट लांच कर दी है।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। मृतक के दाह संस्कार के लिए जाने वालों को अब श्मशान घाट और शवदाह गृह इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लोग पहले ही वेबसाइट पर देखकर वहां कि उपलब्धता को देख सकते हैं। उत्तरी निगम ने इसके लिए वेबसाइट लांच कर दी है। ट्रायल पूरा होने के बाद अब यह सोमवार से काम करना शुरू कर देगी। जिस पर उत्तरी निगम क्षेत्र श्मशान घाट और शवदाह गृहों पर उपलब्ध स्थान उपलब्धता को आनलाइन कर दिया है। वेबसाइट पर दाह संस्कार की रियल टाइम मानिटरिंग व्यवस्था शुरू हो जाने से लोग वहां पर स्थान उपलब्ध होने या न होने की जानकारी ले सकेंगे।
लोगों को न हो परेशानी इसलिए शुरू की व्यवस्था
उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने बताया कि श्मशान घाटों और शवदाह गृहों पर बहुत दबाव बढ़ गया है। जहां पहले इन स्थानों पर कुल 150-200 अंतिम संस्कार होते थे अब वह आंकड़ा 600 से 700 तक जा पहुंचा है। ऐसे में कुछ स्थानों पर भीड़ और लंबे इंतजार की शिकायत आ रही थी। जिसको देखते हुए हमने इन स्थानों को रियल टाइम मानिटरिंग व्यवस्था से जोड़ा है, जिसका ट्रायल पूरा हो गया है। अब सोमवार से हम इसे शुरू कर देंगे। इससे जिन लोगों के घर में दुखद मौत हो रही हैं उनको अंतिम संस्कार में कोई परेशानी नहीं होगी, क्योंकि इस संकट की घड़ी में वह पहले से ही परेशान हैं।
भीड़ को कम करने की कोशिश
उन्होंने बताया कि कोरोना से होने वाली मौत के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट और शवदाह गृह व कब्रिस्तान चिंहित हैं। एक ही स्थान पर भीड़ न बढ़े इसलिए अस्पतालों को पास के दाह संस्कार स्थल से जोड़ा गया है। इसलिए लोग तय स्थानों पर ही अंतिम संस्कार कराएं। वहीं, अगर किसी स्थल पर पहले ही स्थान भर गए हैं तो फिर दूसरे स्थान पर ले जा सकते हैं।
जय प्रकाश ने बताया कि हर श्मशान घाट या शवदाह स्थल को आनलाइन एक लागिन आइडी और पासवर्ड दिया है। जो तय स्थान की उपलब्धता को हर घंटे अपडेट करेंगे।
दोपहर में ही भर जाते हैं स्थान
निगम को ट्रायल के दौरान जानकारी मिली है कि कई शवदाह गृहों पर तय स्थान दोपहर में ही भर जाते हैं। निगम की बेवसाइट के अनुसार पंचकुइंया रोड शवदाह गृह, वजीरपुर, सतनगर शवदाह गृह सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक ही भर गए। जबकि पंचकुइंया रोड पर 35, वजीरपुर में 25 और सतनगर में 39 शवों के अंतिम संस्कार के लिए स्थान चिंहित है। यानि सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक इतने शव यहां पहुंच गए जिनमें तय स्थानों पर अंतिम संस्कार हो गया। उल्लेखनीय है कि निगम के पास 12 स्थल हैं जहां पर कोरोना व सामान्य लोगों के लिए दाह संस्कार की व्यवस्था है।
यहां देखें
निगम की https://mcdonline.nic.in/ndmcportal/ वेबसाइट पर उपर ही कोविड हेल्पलाइन का विकल्प हैं। जिस पर क्लिक करके के बाद कोरोना से जुड़ी जानकारी आती है। यही पर शवदाह गृहों की रियल टाइम मानिटरिंग का विकल्प भी हैं। जिस पर क्लिक करके जानकारी ली जा सकती है।