Delhi Rain Update: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड
बुधवार को बारिश का दौर अल सुबह ही शुरू हो गया था। उसके बाद 10 बजे के लगभग और फिर दोपहर को भी बादल खूब जमकर बरसे।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। मानसून की भारी बारिश के लिए तरस रहे दिल्लीवासियों का इंतजार बुधवार को पूरा हो गया। 24 घंटे की बारिश ने जहां सात सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, वहीं तापमान में भी सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी के चलते बुधवार (22 जुलाई) का दिन पिछले 10 सालों में सबसे ठंडा रहा। गर्मी से राहत का यह दौर अभी जारी रहने के आसार हैं।
बुधवार को बारिश का दौर अल सुबह ही शुरू हो गया था। उसके बाद 10 बजे के लगभग और फिर दोपहर को भी बादल खूब जमकर बरसे। कुछ जगहों पर शाम को भी बारिश हुई। खास बात यह कि दिल्ली में करीब-करीब सभी जगह अच्छी बारिश हुई। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। 2011 के बाद अभी तक 22 जुलाई का यह सबसे कम तापमान है। 2011 में यह क्रमश: 35 और 28 डिग्री सेल्सियस रहा था। हवा में नमी का स्तर 87 से 100 फीसद दर्ज हुआ।पालम में हुई 116.5 मिमी बारिश शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग पर 97.8 मिमी, पालम में 116.5 मिमी, लोधी रोड पर 105 मिमी, रिज क्षेत्र में 41.3 मिमी और आया नगर में 60.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
एहतियातन मिंटो ब्रिज किया गया बंद
मानसून के सक्रिय होने के साथ ही राजधानी दिल्ली में रविवार से बारिश का दौर जारी है। बुधवार सुबह से दिल्ली ही नहीं एनसीआर के इलाकों में भी बारिश हो रही है। वहीं, बारिश के चलते एहतियातन दिल्ली पुलिस यातायात विभाग (Delhi Traffic Police) ने मिंटो ब्रिज बंद करने का फैसला लिया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बीते रविवार को यहां मिंटो ब्रिज के नीचे पानी में डूबने से एक टैंपो चालक की मौत हो गई थी।