Delhi Weather and Rain ALERT! पहाड़ों पर हलचल से बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें- कब चलेगी आंधी, हो सकती है तेज बारिश
Delhi Weather Storm ALERT! पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 16 और 17 अप्रैल को दिल्ली में भी मौसम बदलने के आसार हैं। धूल भरी आंधी भी चलेगी और हल्की बारिश भी हो सकती है। लिहाजा गर्मी से भी कुछ राहत मिलेगी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और गर्मी का दौर जारी है, हालांकि सुबह-शाम राहत मिल रही है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच अभी तीन दिन और दिल्लीवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री के आसपास रहेगा, लू का भी एहसास हो सकता है, लेकिन इसके बाद फिर सप्ताहांत में राहत मिलने के आसार हैं। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने के साथ-साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
स्काईमेटर वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि अभी तीन दिन तक चुभन भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। धूप भी तेज खिली रहेगी। इसके बाद पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इसके असर से 16 और 17 अप्रैल को दिल्ली में भी मौसम बदलने के आसार हैं। धूल भरी आंधी भी चलेगी और हल्की बारिश भी हो सकती है। लिहाजा, गर्मी से भी कुछ राहत मिलेगी।
इससे पहले सोमवार को भी तेज धूप के साथ चुभन भरी गर्मी का एहसास बरकरार रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 21 से 66 फीसद रहा। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स दिल्ली का सर्वाधिक गर्म इलाका रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बता दें कि इस साल सर्दी जल्दी विदा हुई थी और गर्मी ने जल्दी दस्तक दी है। बताया जा रहा है कि इस साल गर्मी पिछले साल की तरह ही परेशान करेगी। बता दें कि पिछले साल मानसून भी जल्दी विदा हुआ था और बारिश भी कम हुई थी। यह वजह रही कि दिल्ली-एनसीआर वालों को वायु प्रदूषण से भी अधिक जूझना पड़ा।
ये भी पढ़ेंः Delhi Covid-19 Case: दिल्ली में इस बार छोटे बच्चे बड़ी संख्या में हो रहे संक्रमित, डॉक्टरों ने बताई वजह