Weather update Delhi NCR: जारी रहेगी धूप और बादल की लुकाछिपी, यहां जानिए मौसम का ताजा हाल
दिल्ली-एनसीआर में छूप और बादल की लुकाछिपी फिलहाल जारी रहेगी। हालांकि इस दौरान कभी कभी तेज धूप से दिल्ली वाले परेशान होते रहेंगे।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब अगले एक सप्ताह तक दिल्लीवासियों को तीखी गर्मी से मुकाबला करना होगा। इस सप्ताह गर्मी और तापमान में इजाफा होगा। साथ ही लू चलने के आसार हैं। शुक्रवार को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिला। शनिवार को भी आसमान साफ ही रहेगा।
शुक्रवार को दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 25 से 76 फीसद रहा। पालम दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धूप सुबह से ही इतनी तीखी थी कि घर या दफ्तर के बाहर खड़ा होना मुश्किल था। भीतर भी एसी चलाने पर ही राहत मिली।
छाते रहेंगे आंशिक बादल
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि बीच-बीच में आंशिक तौर पर बादल छाते रहेंगे, लेकिन इससे तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। यह पूरा सप्ताह सूखा रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अब गर्मी और तापमान में लगातार इजाफा ही होना है।