Weather Update for Delhi NCR: गणतंत्र दिवस के बाद हो सकती है बारिश, जानिए मौसम का हाल
weather update for Delhi NCR मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में परिवर्तन आएगा। उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Weather Update for Delhi NCR: दिल्ली में शनिवार दिनभर धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम के साथ 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार को सुबह मध्यम कोहरा छा सकता है। इसके अलावा कुछ जगहों पर घना कोहरा भी छाने की उम्मीद है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में परिवर्तन आएगा। उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसके कारण मौसम में बदलाव आएगा। 28 और 29 जनवरी के दिन हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर तक चल सकती है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ों में मौसम का हाल
पहाड़ों में मौसम साफ रहा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में सुबह कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम के कारण देहरादून आने वाली तीन उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार से पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान 2500 मीटर की ऊंचाई तक के इलाकों में भारी बर्फ गिर सकती है।
हिसार में तीन दिनों से खिली तेज धूप
वहीं हिसार की बात करें तो यहां पर पिछले तीन दिनों से तेज धूप ने दिन के तापमान को बढ़ा दिया है। वहीं रात्रि के तापमान में कई शहरों में गिरावट दर्ज की गई है। जिसमें नारनौल में सबसे कम 3.0 डिग्री सेल्सियस तो हिसार में रात्रि तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मगर आने वाले दिनों में एक बार फिर से बूंदाबांदी के आसार नजर आ रहे हैं, जो धुंध को बढ़ाने का काम करेंगे।