Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में पूरे हफ्ते ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज, ठंड की विदाई जारी
राजधानी दिल्ली के मौसम में अब सुबह-शाम भी बदलाव महसूस होने लगा है। अधिकतम तापमान तो सामान्य से अधिक चल ही रहा है न्यूनतम तापमान भी सामान्य के बराबर पहुंच गया है। हालांकि सुबह के समय कोहरा का असर अभी भी देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंडी विदा हो रही है तो गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाया हुआ था, जबकि ठंड बेहद कम थी। इस दौरान लोग पार्कों और खुले मैदानों में धूप लेते नजर आए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड के वापसी करने के कोई आसार नहीं है, बल्कि गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी।
सुबह-शाम खत्म हुआ ठंड का एहसास
राजधानी दिल्ली के मौसम में अब सुबह-शाम भी बदलाव महसूस होने लगा है। अधिकतम तापमान तो सामान्य से अधिक चल ही रहा है, न्यूनतम तापमान भी सामान्य के बराबर पहुंच गया है। हालांकि, सुबह के समय कोहरा का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 10.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 47 से 100 फीसद रहा। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के मुताबिक फिलहाल मौसम के रुख में अधिक बदलाव के आसार नहीं है। सप्ताह भर तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।
बहुत खराब श्रेणी में दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा बुधवार को भी बहुत खराब श्रेणी में बनी रही। ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे खराब दर्ज की गई है। आगामी दो दिन में भी सुधार के आसार नहीं है। शुक्रवार से हवा की स्थिति में हल्का सुधार हो सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की तरफ से जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 324 दर्ज किया गया। सफर इंडिया के अनुसार हवा स्थिर होने से हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। अभी अगले दो दिनों में भी यही स्थिति रहने की संभावना है।