Delhi Weather News Update: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, अगले 3 दिन तक बारिश के आसार
Delhi Weather News Update मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाने और हल्की बारिश की उम्मीद है। वहीं अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। शनिवार से मौसम और बदलेगा तथा सोमवार तक बारिश का दौर रह सकता है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह दफ्तरों और मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों को भारी दिक्कत पेश आई। लोग पसीने से तर नजर आए। वहीं, शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। इससे पहले उमस भरी गर्मी से दिल्ली वासियों को बृहस्पतिवार को भी राहत नहीं मिली। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को बिना एसी के चैन नहीं मिल रहा है। हालांकि शुक्रवार से मौसम के करवट लेने की उम्मीद जताई है। कहीं कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद शनिवार से सोमवार तक लगातार तीन दिन बारिश होने का पूर्वानुमान है।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की उम्मीद है। वहीं अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। शनिवार से मौसम और बदलेगा तथा सोमवार तक बारिश का दौर बना रह सकता है।
वहीं, इससे पहले बृहस्पतिवार को बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान तो कम रहा, लेकिन हवा में नमी का स्तर अधिक होने की वजह से दिन भर लोग पसीने से परेशान रहे। सूरज के तेवर भी सुबह से ही तल्ख रहे। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 46 से लेकर 74 फीसद तक रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में 39.4, जाफरपुर में 41.2, मुंगेशपुर में 40 एवं पीतमपुरा में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
खराब श्रेणी में दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा में बृहस्पतिवार को आंशिक सुधार हुआ। हवा का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया। सबसे साफ हवा गाजियाबाद और गुरुग्राम की दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में हवा की दिशा बदलने से इसमें और सुधार की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 221 दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद का 236, गाजियाबाद का 196, गुरुग्राम का 186, ग्रेटर नोएडा का 221 व नोएडा का 242 रहा। सफर इंडिया के मुताबिक शनिवार को हवा की दिशा पूर्व की ओर हो जाएगी। इससे दक्षिण-पश्चिम यानि राजस्थान से आने वाली धूल भरी हवाओं से दिल्ली-एनसीआर को राहत मिलेगी। आगामी दो दिनों तक हवा की स्थिति खराब से औसत श्रेणी में बने रहने की संभावना है।