नोएडा: फिर सामने आई बड़ी लापरवाही, बेसमेंट खुदाई के दौरान गिरी दीवार, बच्चे की मौत
पुलिस के मुताबिक बेसमेंट की खुदाई चल रही थी। इसी बीच बेसमेंट की दीवार भरभराकर गिर गई। इस घटना में दो वर्षीय बच्चा हिमांशु, प्रकाश, श्रीमती तोशा व हेमराज मिट्टी के नीचे दब गए।
नोएडा [जेएनएन]। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-63ए में निर्माणाधीन एक मकान की दीवार बेसमेंट खुदाई के समय गिर गई। हादसे में मिट्टी में फंसकर एक 2 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है।
भरभराकर गिर गई बेसमेंट की दीवार
पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया की थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-63ए में होटल संचालक रविंद्र का मकान बन रहा है। बेसमेंट की खुदाई चल रही थी। इसी बीच बेसमेंट की दीवार भरभराकर गिर गई। इस घटना में दो वर्षीय बच्चा हिमांशु, प्रकाश, श्रीमती तोशा व हेमराज मिट्टी के नीचे दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य लोगों ने चारों को मिट्टी से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने 2 वर्षीय बच्चे हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।
ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रकाश, श्रीमती तोशा व हेमराज की हालत गंभीर बनी हुई है। हेमराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक है। सीओ ने बताया कि इस मामले में प्लाट के मालिक व बिल्डिंग निर्माण कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ थाना फेस-3 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।