हिमालयन रैली में शामिल होने के लिए दुनिया भर से दिल्ली पहुंचीं विंटेज कारें, जानें- क्या है खास
ली देश के विभिन्न हिस्सों व नेपाल होते हुए आगरा में समाप्त होगी। इस रैली में शामिल होने के लिए दुनिया भर से विंटेज कारें दिल्ली पहुंच चुकी हैं।
नोएडा [जेएनएन]। दिल्ली में 21 सितंबर को विंटेज कारों के दीदार का मौका मिलेगा। दिल्ली से द हिमालयन चैलेंज कार रैली 2018 शुरू होगी। यह रैली देश के विभिन्न हिस्सों व नेपाल होते हुए आगरा में समाप्त होगी। इस रैली में शामिल होने के लिए दुनिया भर से विंटेज कारें दिल्ली पहुंच चुकी हैं।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नेपाल से होकर गुजरेगी रैली
बृहस्पतिवार को कारें दादरी के कंटेनर डिपो पर पहुंचीं। यहां से उन्हें रैली में शामिल होने के लिए रवाना किया गया। रैली की शुरुआत दिल्ली के इंपीरियल होटल से 21 सितंबर को होगी और 11 अक्टूबर को रैली आगरा में समाप्त होगी। इस दौरान रैली हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नेपाल से होकर गुजरेगी। रैली का आयोजन एंड्यूरेंस रैली एसोसिएशन कर रहा है। रैली में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को 39 विंटेज कारें दादरी कंटेनर डिपो पर पहुंचीं।
लोगों में दिखी उत्सुकता
कस्टम कमिश्नर गोविंद दीक्षित और सीईओ कैप्टन वीएम बावा ने इन कारों को दिल्ली के लिए रवाना किया। रैली के प्रतिभागी इन कारों को लेकर कंटेनर डिपो से रवाना हो गए। इस दौरान महेश त्रिखा, निदेशक सौरभ त्रिखा, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। सड़क से गुजरती विंटेज कारों को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता रही।