Coronavirus : दिल्ली में कोरोना के मामलों में इजाफा होने के लिए AAP सरकार जिम्मेदार
विजय गोयल ने कहा कि सरकार के इस रवैये के खिलाफ उपवास रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की लापरवाही की वजह से दिल्ली के सभी जिले रेड जोन में आ गए हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री विजय गोयल ने दिल्ली सरकार पर कोरोना संक्रमण को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार के इस रवैये के खिलाफ उपवास रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की लापरवाही की वजह से दिल्ली के सभी जिले रेड जोन में आ गए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या छह हजार से ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रेड जोन में होने के बावजूद बिना किसी तैयारी के शराब की दुकानें खोल दी गईं। भीड़ प्रबंधन और शारीरिक दूरी का पालन कराने की व्यवस्था नहीं की गई। इससे संक्रमण और फैल सकता है। राजस्व के चक्कर में लोगों के स्वास्थ्य के साथ समझौता किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों के कारोबार बंद है। इसे नजरअंदाज करके दिल्ली सरकार ने पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। इससे दिल्ली में महंगाई बढ़ेगी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थाई समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश ने भी उनके निवास पर पहुंचकर गोयल का समर्थन किया।