दिल्ली से 80 लाख रुपये के प्लास्टिक दाने की चोरी कर भागा शख्स यूपी के जौनपुर से गिरफ्तार
कारोबारी 26 फरवरी की दोपहर गोदाम पर पहुंचे थे तब उन्हें पता चला कि सात -आठ दिनों से आरोपित प्लास्टिक दाने को कहीं ट्रक से भेज रहा था। जब इस बारे में पूछताछ करने के लिए उसे खोजा तो वह गायब मिला।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने अलीपुर इलाके में करीब 80 लाख के प्लास्टिक दाने की चोरी के मामले में मुख्य आरोपित कंपनी के मुनीम आशुतोष ¨सह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से जौनपुर के बरसठी के कान्हपुर गांव में छापेमारी कर दबोचा है। उसके खिलाफ विगत 26 फरवरी को कंपनी के मालिक विवेक अग्रवाल ने अलीपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। मामले में एक अन्य आरोपित लोकनाथ पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है। जानकारी के अनुसार पीड़ित कारोबारी विवेक अग्रवाल पंजाबी बाग में रहते हैं और अक्षित पेट्रोकेम प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी चलाते हैं। उन्होंने खेड़ा कलां में गोदाम बना रखा है। कंपनी में पिछले करीब आठ साल से आशुतोष बतौर मुनीम काम करता था। पीड़ित कारोबारी ने बताया कि वह 26 फरवरी की दोपहर गोदाम पर पहुंचे थे, तब उन्हें पता चला कि सात -आठ दिनों से आरोपित प्लास्टिक दाने को कहीं ट्रक से भेज रहा था। जब इस बारे में पूछताछ करने के लिए उसे खोजा तो वह गायब मिला।
पीड़ित ने अनुसार इस दौरान वह 40 टन माल गायब कर चुका था, जिसकी कीमत करीब 80 लाख थी। उन्होंने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला दर्ज कर समयपुर बादली के एसीपी की देखरेख में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के क्रम में पुलिस ने सबसे पहले माल ले जाने वाले ट्रक चालक को खोजा। उससे पूछताछ में पता चला कि चोरी के माल को बवाना औद्योगिक क्षेत्र सहित अन्य हिस्सों में उसे पहुंचाने के लिए कहा गया था।
मध्यस्थ के माध्यम से बेचा था माल
जांच के दौरान आशुतोष के जानकार लोकनाथ की भी भूमिका सामने आई। पुलिस ने बुराड़ी के कमल विहार निवासी लोकनाथ को दबोच लिया। वह सुभाष प्लेस स्थित एक फर्म में मुनीम का काम करता था। उसने पुलिस को उन लोगों के बारे में बताया कि जिनके यहां उसके माध्यम से माल को बेचा गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 फीसद माल भी बरामद कर लिया और मुख्य आरोपित आशुतोष को पकड़ने के लिए एक टीम को उत्तर प्रदेश के जौनपुर रवाना किया गया, जहां उसे पकड़ लिया गया है। पुलिस उसे अब तक दिल्ली लेकर नहीं आई है। बताया जाता है कि गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ जाने के कारण उसे वहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।