Ram Vilas Paswan Hospitalized: केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान अस्पताल में हुए भर्ती
केंद्रीय खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली [रणविजय] सिंह]। केंद्रीय खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है। वह हृदय से संबंधित परेशानी के कारण दो दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। जहां कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ के नेतृत्व में उनका इलाज चल रहा है। सोमवार को उनकी कई जांच कराई गईं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें पहले से हृदय की बीमारी है। इस वजह से फॉलोअप जांच के लिए उन्हें भर्ती किया गया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि वह रविवार शाम को अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कोरोना महामारी के मद्देनजर उनकी कोविड जांच भी कराई गई है। अस्पताल ने उन्हें कोरोना होने से इन्कार किया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी तबीयत ठीक है। उल्लेखनीय है कि कई केंद्रीय मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सबसे पहले भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा की कोरोना संक्रमित होने की खबर मिली थी। वहीं, हाल में गृहमंत्री अमित शाह भी इस बीमारी की चपेट में आ गए। हालांकि सभी ने कोरोना संक्रमण को मात दे कर अब ठीक हो चुके हैं।
इधर बता दें कि बिहार में राम विलास पासवान की पार्टी लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) फिलहाल में जदयू (जनता दल युनाइटेड) और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के साथ मिलकर बिहार में चुनाव लड़ रहे हैं। फिलहाल बिहार में चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां अपने-अपने वोट बैंक को फिर से खंगाल रही रही है। इधर बिहार में चुनाव की आहट के बीच वहां कोरोना और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच वहां सहयोगी पार्टियों को एकजुट रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह साफ कर दिया कि बिहार में आगामी चुनाव तीनों पार्टिंयां (बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी) मिलकर ही लड़ेंगी। वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। रामविलास पासवान अभी लोजपा के संरक्षक की भूमिका में हैं। वही उनके पुत्र चिराग पासवान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो