शकरपुर इलाके में अज्ञात वाहन ने दिल्ली पुलिस के होम गार्ड को ड्यूटी के दौरान कुचला, मौत
शकरपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने दिल्ली पुलिस के होमगार्ड को ड्यूटी के दौरान जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए होमगार्ड के जवान की मौत हो गई। पुलिस केस दर्ज कर वाहन चालक की तलाश कर रही है।
पूर्वी दिल्ली, शकरपुर। शकरपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने दिल्ली पुलिस के होमगार्ड को ड्यूटी के दौरान जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में नरेश कुमार को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया है। पुलिस केस दर्ज कर वाहन चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार नरेश कुमार अपने परिवार के साथ वेस्ट विनोद नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी व एक आठ वर्ष का बेटा कार्तिक है। पिछले कई वर्षों से नरेश हाेमगार्ड की नौकरी कर रहे थे। कल उनकी ड्यूटी विकास मार्ग पर लगी हुई थी, वह शकरपुर थाना पुलिस के जवानों के साथ सड़क पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी लक्ष्मी नगर की ओर से एक तेज रफ्तार वाहन आया और नरेश को जोनदार टक्कर मार दी। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। नरेश कुमार ने घर के नीचे एक सप्ताह पहले ही फोटो स्टूडियों भी खोला था।
मालूम हो कि नो इंट्री खत्म होने के बाद भारी वाहनों का आऩा-जाना शुरू हो जाता है। उस दौरान उनके ऊपर किसी तरह का नियंत्रण नहीं रहता है। वो तेज रफ्तार से चलते हैं। ऐसे में यदि कोई अचानक उनके सामने आ जाता है तो ब्रेक लगाने के बाद भी वो वाहन को रोक नहीं पाते हैं ऐसी दशा में दुर्घटना हो जाती है और जान चली जाती है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो