26 January Violence: प्रदर्शनकारियों से लोहा लेने वाली दो महिला पुलिसकर्मियों को सीपी ने किया सम्मानित
26 जनवरी को कृषि कानून विरोधियों ने राजधानी में ट्रैक्टर परेड निकाल कर जो हुड़दंग किया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। यमुनापार के मंडावली थाने में तैनात इंस्पेक्टर पुष्पलता और एसआइ सुमन कुशवाह ने अपनी जान की परवाह किए बिना प्रदर्शनकारियों से लोहा लिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। 26 जनवरी को कृषि कानून विरोधियों ने राजधानी में ट्रैक्टर परेड निकाल कर जो हुड़दंग किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। यमुनापार के मंडावली थाने में तैनात इंस्पेक्टर पुष्पलता और एसआइ सुमन कुशवाह ने अपनी जान की परवाह किए बिना, प्रदर्शनकारियों से लोहा लिया। ट्रैक्टर के आगे खड़ी होकर प्रदर्शनकारियों से कहा, वह भी किसान की बेटियां हैं, एक इंच पीछे नहीं हटेंगी। प्रदर्शनकारियों को अपना ट्रैक्टर पीछे लेना पड़ा। उनके इस जज्बे को लाइव कवरेज के दौरान जागरण संवाददाता ने देखा और अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित किया। दिल्ली पुलिस के नव नियुक्त आयुक्त बालाजी श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में दोनों पुलिसकर्मियों को कमेंडेशन डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया।
पुष्पलता को स्वर्ण और सुमन कुशवाह को कांस्य पदक दिया गया। पुलिस मुख्यालय में दैनिक जागरण अखबार की कटिंग भी दिखाई गई। पुलिस आयुक्त ने दोनों पुलिसकर्मियों की तस्वीर ट्वीटर पर शेयर करते हुए लिखा, इनकी वीरता को पहचानते हुए उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है।
शनिवार को पुलिस के ट्वीटर अकाउंट पर दोनों पुलिसकर्मियों की बहादुरी छाई रही। कुछ दिनों पहले आयुक्त पूर्वी जिले का दौरा करने आए थे, तभी उनकी मुलाकात इंस्पेक्टर पुष्पलता से हुई। जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने उनकी बहादुरी के बारे में आयुक्त को बताया, तभी आयुक्त ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला किया। पुष्पलता ने दैनिक जागरण का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने 26 जनवरी को अपनी ड्यूटी निभाई थी, दिल्ली की रक्षा करते हुए अगर प्रदर्शनकारी उनकी जान भी ले लेते तो वह पीछे नहीं हटतीं।