दो बहनों ने दो युवकों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दो लड़कियों ने बताया कि दो युवक उनके जानकार हैं। कमरे पर ले जाने के बाद दोनों युवकों ने उनसे दुष्कर्म किया। पुलिस मामले की छानबीन कर सच का पता लगा रही है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बदरपुर में दो बहनों ने दो युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पुलप्रहलादपुर निवासी 17 साल व 19 साल की दो बहनें अपने घर में यह कहकर निकली थीं कि वे किसी काम से बैंक जा रही हैं। इसके बाद वे देर शाम घर लौटीं। इस दौरान उनके मोबाइल भी स्विच ऑफ थे।
अभिभावकों ने दिन भर गायब रहने पर जब सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे दो युवकों के साथ मीठापुर स्थित उनके कमरे पर गई थीं। दोनों युवक उनके जानकार हैं। कमरे पर ले जाने के बाद दोनों युवकों ने उनसे दुष्कर्म किया।
इस पर बदरपुर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम तक दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, युवकों ने मीठापुर में यह कमरा हाल ही में किराए पर लिया था। इनके साथ दो लड़कियां आने की बात पता चलने पर पड़ोसियों ने भी पुलिस से शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि कमरे पर बीयर व शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं।
इधर, ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने छह साल पुराने एक युवती के अपहरण के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने युवती को झारखंड से ढूंढ निकाला। जिस समय उसके अपहरण की शिकायत पुलिस को उसके भाई ने दी थी, तब वह अविवाहित थी। अभी वह शादीशुदा है और दो बच्चे हैं।
दक्षिणी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2014 को जमरूदपुर क्षेत्र निवासी युवती के भाई ने उसके अपहरण की एफआइआर दर्ज करवाई थी। पुलिस जांच के दौरान झारखंड के परतापुर इलाके के बुभना गांव पहुंची। यहां पता चला कि युवती चतरा जिले में पति व दो बच्चों के साथ रहती है। इसके बाद पुलिस चतरा पहुंची, जहां वह मिल गई। आधार कार्ड के जरिये पता चला कि जब शिकायत दी गई थी, तब वह बालिग थी, लेकिन शिकायतकर्ता ने गलती से उसे नाबालिग बताया था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो