दिल्ली में मामा-भांजा गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, 'काला चश्मा' के जरिए पुलिस को लगा अहम सुराग
पुलिस को पता चला कि जिस शख्स ने लूटपाट के दौरान चश्मा पहन रखा था वह सोनू राय है। ऐसा वह आकर्षक दिखने के लिए करता है। अब इस मामले में पुलिस को सुदीन राय की तलाश है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पश्चिमी दिल्ली के मुंडका थाना पुलिस ने ऑटो में बैठे यात्रियों के साथ लूटपाट करने के आरोप में दो शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के साथ पूरा गिरोह लूटपाट में सक्रिय है। यह गिरोह मामा- भांजां गिरोह के नाम से जाना जाता है। दोनों आरोपितों के साथ एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों में सरजू राय व सोनू ठाकुर है।
सरजू मूल रूप से बिहार के वैशाली जिला स्थित साहरिया गांव का रहने वाला है। वहीं सोनू बिहार के सीवान जिला स्थित बबनौली गांव का रहने वाला है। अब इस मामले में पुलिस को सरजू राय के भांजे की तलाश है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात एक शख्स ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि टीकरी बार्डर से उसे अपने घर जाना था। उसे पास ही में एक ऑटो खड़ा नजर आया। इसमें कुछ लोग बैठे थे। ऑटो चालक गीतांजलि जाने की बात कह रहा था। शिकायतकर्ता आटाे में बैठ गया। कुछ देर बाद जब ऑटो एक सूनसान जगह पर पहुंचा तब उसमें सवार लोगों ने शिकायकर्ता के साथ लूटपाट शुरू कर दी। चाकू की नोंक पर उसका मोबाइल व नकदी उससे लूटा गया और पिटाई भी की गई।
लूटपाट के बाद उसे वहीं छोड़ ऑटो पर सवार लोग फरार हो गए। शिकायतकर्ता से पुलिस को केवल इतना पता चला कि आरोपितों में से एक ने काला चश्मा पहन रखा था। सभी युवा थे। इस जानकारी के आधार पर मुंडका थाना प्रभारी गुलशन नागपाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने करीब 250 ऑटो की जानकारी एकत्रित की व 600 लोगों से पूछताछ की । संयोग से पुलिस की मेहनत रंग लाई और पता चला कि हरियाणा के नंबर का एक ऑटो इलाके में चलता है। इसे मामा भांजा चलाते हैं। इसकी वारदात में संलिप्तता हो सकती है।
इसके बाद पुलिस ने पीवीसी मार्केट के पास पिकेट लगाकर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। यहां पुलिस तलाशी में जुटी थी कि एक ऑटो जिसपर दो लोग सवार थे, जिसमें से एक ने काले रंग का चश्मा पहन रखा था, नजर आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन ऑटो चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार तेज कर दी। बाद में पुलिस ने पीछा किया और ऑटो का रोकने में कामयाबी पाई।
ऑटो पर सरजू व सोनू सवार थे। दोनों के पास से एक चाकू व चार मोबाइल फोन पुलिस को बरामद हुए। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह ऑटो सरजू राय के बहनोई का है। जिसे सरजू व उसका भांजा सुदीन राय चलाता है। दोनों इलाके में मामा- भांजा के नाम से जाने जाते हैं। पुलिस को पता चला कि जिस शख्स ने लूटपाट के दौरान चश्मा पहन रखा था वह सोनू राय है। ऐसा वह आकर्षक दिखने के लिए करता है। अब इस मामले में पुलिस को सुदीन राय की तलाश है।