Move to Jagran APP

RIP Rohit Sardana: वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का निधन, पीएम मोदी के साथ UP-दिल्ली के सीएम ने भी जताया शोक

Famous anchor Rohit Sardana शुक्रवार को चर्चित टेलीविजन पत्रकार रोहित सरदाना को क्रूर कोरोना ने लील लिया। जैसे ही यह खबर आई कि टेलीविजन जगत के बड़े पत्रकार रोहित सरदाना अब इस दुनिया में नहीं रहे साथी पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।

By Jp YadavEdited By: Published: Fri, 30 Apr 2021 01:13 PM (IST)Updated: Fri, 30 Apr 2021 03:05 PM (IST)
RIP Rohit Sardana: वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का निधन, पीएम मोदी के साथ UP-दिल्ली के सीएम ने भी जताया शोक
क्रूर कोरोना की चपेट में आए वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना की मौत

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। कोरोना वायरस संक्रमण दिल्ली-एनसीआर में कहर बरपा रहा है। बृहस्पतिवार को जाने-माने कवि और गीतकर कुंअर बेचैन की जान ली थी और एक दिन बाद शुक्रवार को चर्चित टेलीविजन पत्रकार रोहित सरदाना को क्रूर कोरोना ने ली लील लिया। जैसे ही यह खबर आई कि टेलीविजन जगत के बड़े पत्रकार रोहित सरदाना अब इस दुनिया में नहीं रहे, साथ पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना कोरोना से संक्रमित थे। हालात गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अंतिम सांस तक कोशिश की, लेकिन रोहित सरदाना को नहीं बचा सके। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती रोहित सरदाना को शुक्रवार सुबह हार्टअटैक आने की वजह से उनका निधन हो गया। हालांकि, यह भी सच है कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। कुछ दिन पहले ही रोहित कोरोना संक्रमित हुए थे, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। रोहित सरदाना के निधन पर पत्रकारिता जगत से जुड़े काफी लोगों ने शोक जाहिर किया है।

loksabha election banner

पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर रोहित सरदाना के निधन पर शोक जताया है- 'रोहित सरदाना ने हमें बहुत जल्द छोड़ दिया। ऊर्जा से भरपूर...। उनके असामयिक निधन ने मीडिया जगत में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। शांति।' 

रोहित की मौत पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी ट्वीट किया है- 'वरिष्ठ टीवी पत्रकार रोहित सरदाना जी के निधन की दुखद ख़बर स्तब्ध कर देने वाली है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को ये दुख सहने का साहस दें।'

रोहित के निधन पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शोक जताया है। उन्होंने लिखा है-'रोहित सरदाना के असामयिक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। देश ने एक बहादुर पत्रकार खो दिया है, जो हमेशा निष्पक्ष और निष्पक्ष रिपोर्टिंग करता था। भगवान उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।'

इसके अलावा, रोहित सरदाना के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक जताया है। सीएम योगी ने अपने शोक संदेश में लिखा है- 'वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना जी का निधन अत्यंत दुःखद है। वह जनपक्षीय पत्रकारिता के अप्रतिम हस्ताक्षर थे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शान्ति व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।'

रोहित सरदाना के निधन को लेकर टीवी के जाने-माने पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने ट्वीट किया है- 'बहुत ही भयानक समाचार है। जाने-माने टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। आज सुबह दिल का दौरा पड़ा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।'

नामी टेलीविजन न्यूज चैनल प्रधान संपादक सुधीर चौधरी ने एक ट्वीट के जरिए रोहित सरदाना के असामयिक निधन की जानकारी दी। सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया- 'अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ कांपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की खबर थी। ये वायरस हमारे इतने करीब से किसी को उठा ले जाएगा, ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफी है... ॐ शान्ति।'

रोहित सरदाना ने कई  टेलीविजन चैनलों में काम किया और कई कार्यक्रमों का संचालन करते थे। बेहतरीन पत्रकारिता के लिए वर्ष 2018 में रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।

रोहित सरदाना के निधन पर हरियाणा में भी शोक की लहर है। महिला पहलवान बबीता फोगाट ने भी ट्वीट किया है- 'मशहूर एंकर और हरियाणा की मिट्टी का लाल, रोहित सरदाना जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं परिजनों को यह दुःख सहने का संबल प्रदान करे।ॐ शान्ति।' बता दें कि रोहित मूलरूप से हरियाणा के रहने वाले थे और उन्होंने कुरुक्षेत्र की गुरु जंबेश्वर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी।

हरियाणा में जन्मे रोहित ने अपनी शिक्षा गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से पूरी की। बताया जाता है कि रोहित ने तकरीबन 15 साल के अपने लंबे पत्रकारिता करियर में ऑल इंडिया रेडियो में बतौर एंकर पहले अपनी आवाज को घर-घर पहुंचाया। इसके बाद टेलीविजन पत्रकारिता के क्षेत्र आए और देश के नामी न्यूज चैनलों में काम किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.