नोएडा में युवक-युवती का शव मिला तो दिल्ली में बरामद हुआ महिला के शरीर का ऊपरी हिस्सा
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एक घर में युवक-युवती का पंखे से लटका शव मिला तो वहीं दिल्ली के मुंडका इलाके में महिला के शव का ऊपरी हिस्सा गायब मिला।
नई दिल्ली/नोएडा, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में ट्रिपल मर्डर से बृहस्पतिवार को सनसनी फैल गई। जहां ग्रेटर नोएडा के एक घर में युवक-युवती का पंखे से लटका शव मिला तो वहीं दिल्ली के मुंडका इलाके में महिला के शव का ऊपरी हिस्सा गायब मिला है।
महिला के शरीर का आधा हिस्सा गायब मिलने से पुलिस हैरान
मुंडका थाना क्षेत्र स्थित लोकनायकपुरम के पास पुलिस को सड़क किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव का सिर गायब है। पुलिस के अनुसार शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के थानों को इस बात की सूचना दी है तथा पुलिस थानों से गुमशुदा महिलाओं के बारे में जानकारी एकत्रित कर रही है। मुंडका थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शव की जानकारी सोमवार दोपहर को मिली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। आशंका है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सड़क किनारे फेंका गया है। पुलिस के अनुसार ऐसा लग रहा है मानों शव को तीन से चार दिन पूर्व फेंका गया है। पुलिस घटनास्थल के पास से गुजर रही सड़क पर यह पता करने की कोशिश में जुटी है कि इसपर कहां कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, ताकि फुटेज से मामले के बाबत और जानकारी एकत्रित हो। वहीं, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर कहा कि महिला का दुष्कर्म हुआ है, हालांकि पुलिस का कहना है कि ये अभी नहीं कहा जा सकता है।
ग्रेटर नोएडा के घर में मिला शव, पुलिस मर्डर-सुसाइड में उलझी
दूसरी घटना में ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रोन सेक्टर 3 स्थित लोटस वेलफेयर सोसाइटी में संदिग्ध परस्थितियों मे युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव काफी दिनों से फ्लैट के अंदर पंखे पर फंदे से लटके हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या करके शव लटका दिया गया। वहीं, थानाध्यक्ष सूरजपुर ने बताया कि लड़का और लड़की दोनो अलग-अलग जगह के हैं और शादीशुदा हैं। इतना ही नहींं एक ही जाति-समुदाय के हैं।