टोक्यो पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले एथलीट शरद कुमार को नौकरी देगी दिल्ली सरकार
टोक्यो पैरालिंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ी शरद कुमार ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। केजरीवाल ने पदक जीतने के लिए शरद कुमार को बधाई देते हुए कहा वे भविष्य में देश के लिए ढेर सारे मेडल जीतकर लाएं।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। टोक्यो पैरालिंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ी शरद कुमार ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान केजरीवाल ने पदक जीतने के लिए शरद कुमार को बधाई देते हुए कहा वे भविष्य में देश के लिए ढेर सारे मेडल जीतकर लाएं। शरद कुमार टोक्यो पैरालिंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद में जीते हुए मेडल को भी अपने साथ लेकर आए थे। उन्होंने सीएम से अनुरोध करते हुए कहा कि यदि यह मेडल अगर आप मुङो पहनाएं तो बहुत ज्यादा खुशी होगी।
इस अनुरोध पर सीएम ने शरद कुमार को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि शरद कुमार से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कांस्य जीतकर भारत का नाम रोशन किया। अगर संभव होगा तो शरद कुमार को दिल्ली सरकार में नियमानुसार सम्मानजनक नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने खेल मंत्री को नौकरी की संभावना तलाशने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम खिलाड़ियों को हर संभव मदद देने के लिए हमेशा तैयार हैं। इसके लिए सरकार ने दिल्ली में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की है ताकि ढेर सारे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी पैदा किए जा सकें। मेडल जीतने पर दिल्ली सरकार की तरफ से जो सम्मान राशि दी जाती है, वह राशि अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुई। इस पर केजरीवाल ने उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री मनीष सिसोदिया से बात की और जल्द से जल्द लंबित सम्मान राशि को जारी करने के निर्देश दिए। खेल मंत्री ने भी आश्वस्त किया कि जल्द जारी कर देंगे।
इस दौरान विधायक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि शरद कुमार पिछले सप्ताह ही मुख्यमंत्री से मिलने वाले थे, लेकिन उसी दौरान उन्हें माइनर हार्ट अटैक आ गया था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, जिससे वह नहीं मिल पाए थे।