रखरखाव के अभाव में उजड़ गया तिगांव विद्यालय का खेल मैदान Faridabad news
फरीदाबाद जनपद के सबसे बड़े गांव तिगांव के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का खेल मैदान रखरखाव के मामले में लावारिस पड़ा है।
फरीदाबाद। जनपद के सबसे बड़े गांव तिगांव के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का खेल मैदान रखरखाव के मामले में लावारिस है। विद्यालय प्रबंधन और ग्राम पंचायत मैदान के रखरखाव की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर टाल रहे हैं। यही कारण है कि मैदान की हालत खराब होती जा रही है।
झाड़ियां, ट्रैक पर छोटे-छोटे पत्थर, टूटी चारदीवारी, कूड़े के ढेर, आवारा पशुओं का जमावड़ा की वजह से न केवल छात्र बल्कि यहां के ग्रामीण परेशान हैं। बारिश के दिनों में यह खेल का मैदान तालाब बन जाता है। इस कारण न केवल ग्रामीण परेशान हैं बल्कि छात्र खेलने से वंचित हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने खेल मैदान वाले रास्ते पर ताला जड़ा हुआ है, जिस कारण छात्र यहां नहीं खेल पाते। इसलिए प्रबंधन जिम्मेदारी से पीछे हट रहा है। गांव में और कहीं ऐसा मैदान नहीं है, इसलिए यहां काफी लोग सैर करने आते हैं, बच्चे भी खेलते हैं।
लोगों की राय
मैदान की हालत खराब है। इसमें जल्द सुधार होना चाहिए।
-गोरखी नंबरदार।
सरकार खेलों को खूब बढ़ावा दे रही है। स्कूल मैदान के रखरखाव की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। इस बारे में ग्राम पंचायत व विद्यालय प्रबंधन जरूरी कदम उठाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
-विनित गर्ग।
बच्चों के खेलने के लिए कहीं मैदान नहीं है, इसलिए यहां काफी संख्या में बच्चे आते हैं। ट्रैक ठीक न होने की वजह से अक्सर चोट लग जाती है। इस बारे में अधिकारी भी संज्ञान लें।
-नरेंद्र पाराशर।
खेल के मैदान में कूड़े के ढेर लगे हैं, चारों ओर झाड़ियां हैं, ऐसे में कोई सांप या अन्य कीट बच्चों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए सफाई होना जरूरी है।
-रतन अधाना।
यदि सकारात्मक सोच रखी जाए तो विद्यालय के मैदान को बढ़िया तरीके से विकसित किया जा सकता है। इसमें तालमेल बिठाकर मैदान की हालत में सुधार करना होगा। दयाराम स्कूल के मैदान के रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है, वही टूटी चारदीवारी बनाएगी। इस बारे में ग्राम पंचायत को ही ध्यान देना चाहिए।
-पवन कुमार, प्रधानाचार्य।
यह मैदान विद्यालय का है, इसलिए रखरखाव विद्यालय प्रबंधन को ही करना है। जब हम यहां कोई कार्यक्रम करते हैं तो प्रबंधन पहले अनुमति लेने की बात कहता है।
-पप्पू नागर, सरपंच, तिगांव।