गणतंत्र दिवस परेड में इस बार नहीं होगी दिल्ली की झांकी
Republic Day 2022 वर्ष 2020 के बाद यह दूसरा साल है जब दिल्ली की झांकी परेड के दौरान दिखाई नहीं देगी। वर्ष 2020 में भी दिल्ली सरकार की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं हो पाई थी।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। 2022 Delhi Republic Day parade: गणतंत्र दिवस समाराेह में इस बार दिल्ली की झांकी दिखाई नहीं देगी। परेड में शामिल होने वाली झांकियों को चयन करने वाली केंद्र सरकार की समिति ने दिल्ली की झांकी को इसमें शामिल नहीं किया है। बता दें कि वर्ष 2020 के बाद यह दूसरा साल है जब दिल्ली की झांकी दिखाई नहीं देगी। वर्ष 2020 में भी दिल्ली सरकार की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं हो पाई थी। इसको लेकर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी की ओर से एतराज भी दर्ज कराया गया था।
बताते चलें कि दिल्ली सरकार ने इस बार झांकी के लिए तैयारी शुरू कर दी थी।देश की आजादी के 75वां साल होने के नाते अमृत महोत्सव चल रहा है। उसे देखते हुए सरकार की ओर से इस बार गणतंत्र दिवस परेड के लिए उम्मीदों का दिल्ली शहर विषय पर झांकी तैयार करने की तैयारी थी।दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के तहत आने वाली साहित्य कला परिषद ने इस विषय पर झांकी की संकल्पना व डिजाइन तैयार कर रही थी।इसके लिए नवंबर में पब्लिक नोटिस भी निकाला था।दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार को झांकी के विषय पर आधारित प्रस्ताव भेजा गया था।मगर दिल्ली सरकार के झांकी के प्रस्ताव का चयन नहीं हो सका है।
बताते चलें यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली सरकार की झांकी गणतंत्र परेड दिवस में शामिल नहीं हो रही है। इससे पहले 2018, 2020 में भी दिल्ली की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में नहीं आई थी, जबकि 2017 में दिल्ली के माडल स्कूलों पर आधारित झांकी भेजी गई थी। फिर 2019 में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती की थीम पर आधारित झांकी बनाई गई थी, जिसमें गांधी जी के दिल्ली में बिताएं गए 720 दिनों को दर्शाया गया था। 2021 में दिल्ली सरकार की झांकी शाहजहांनाबाद पुर्नविकास पर आधारित थी।