इस बार वर्चुअल नहीं, आठ जनवरी से प्रगति मैदान में लगेगा विश्व पुस्तक मेला
World Book Fair 2022 किताबों का महाकुंभ विश्व पुस्तक मेला- 2022 इस बार वर्चुअल नहीं बल्कि प्रगति मैदान में होगा। मेला आयोजक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) ने इसकी तिथियों का ऐलान कर दिया है। 30वां विश्व पुस्तक मेला आठ से शुरू होकर 16 जनवरी तक चलेगा।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। World Book Fair 2022: किताबों का महाकुंभ विश्व पुस्तक मेला- 2022 इस बार वर्चुअल नहीं बल्कि प्रगति मैदान में होगा। मेला आयोजक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) ने इसकी तिथियों का ऐलान कर दिया है। 30वां विश्व पुस्तक मेला आठ से शुरू होकर 16 जनवरी तक चलेगा। मेले में अतिथि देश फ्रांस होगा। अबकी बार मेले की थीम 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' रखी गई है। मालूम हो कि कोरोना के चलते पिछली बार इस मेले का आयोजन वर्चुअल किया गया था।
एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि पुस्तक मेले का आयोजन कोरोना दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेला प्रगति मैदान के न्यू हाल में आयोजित होगा। मेले में हर बार की तरह तमाम भारतीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व होगा और युवाओं पर खासा ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके लिए पुस्तक में में युवा कार्नर भी आकर्षण का विशेष केंद्र होगा। बच्चों के लिए अलग से पंडाल और कार्नर होगा एवं विदेशी साहित्य को भी विशेष रूप से स्थान दिया जाएगा।
मलिक ने बताया कि मेले में थीम पर आधारित कई सारे पैनल डिस्कशन, पुस्तक और चित्र प्रदर्शनी, पुस्तक लोकार्पण समारोह तथा साहित्यिक चर्चा-परिचर्चा जैसे कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले का आयोजन सर्वप्रथम वर्ष 1972 में किया गया था। ऐसे में 2022 में यह मेला अपनी 50 वर्षगांठ मनाएगा। इसके लिए मेले में एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।