Vijayadashami 2021: कोरोना के चलते संघ के विजयदशमी उत्सव में नहीं होगा कोई मुख्य अतिथि, संघ प्रमुख का होगा लाइव प्रसारण
Vijayadashami 2021 पूरे शहर में 35 अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसमें संघ प्रमुख के उद्बोधन का एलइडी के माध्यम से लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था रहेगी। मुख्य कार्यक्रम में अधिकतम 200 लोगों के मौजूद रहने की व्यवस्था रहेगी जिसमें संघ के पदाधिकारी व स्वयंसेवक ही होंगे।
नई दिल्ली [ नेमिष हेमंत ] । Vijayadashami 2021: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आयोजित होने वाले विजयादशमी उत्सव में इस बार कोई मुख्य अतिथि नहीं रहेगा। वहीं, कोरोना को देखते हुए नागपुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का पहली बार विकेंद्रीकरण किया गया है। मुख्य कार्यक्रम संघ मुख्यालय के मैदान में होगा जहां सरसंघचालक मोहन भागवत का उद्बोधन होगा।
इसके साथ ही पूरे शहर में 35 अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें संघ प्रमुख के उद्बोधन का एलइडी के माध्यम से लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था रहेगी। मुख्य कार्यक्रम में अधिकतम 200 लोगों के मौजूद रहने की व्यवस्था रहेगी, जिसमें संघ के पदाधिकारी व स्वयंसेवक ही होंगे। बाकि स्थानों पर स्वयंसेवकों के साथ-साथ आम लोग भाग ले सकेंगे।
यह व्यवस्था कोरोना दिशानिर्देशों के मद्देनजर हो रही है। इसके चलते पिछले वर्ष भी विजयादशमी उत्सव का आयोजन प्रभावित हुआ था। संघ मुख्यालय के सभागार में ही बमुश्किल 50 लोगों की मौजूदगी में इसका आयोजन हुआ था और किसी अतिथि को नहीं बुलाया गया था। विजयादशमी संघ के प्रमुख छह उत्सवों में से एक है, जिसे देश की संपूर्ण शाखाओं में मनाया जाता है। वर्ष 1925 में इस दिन ही नागपुर में संघ की स्थापना हुई थी। इस बार संगठन अपना 96वां स्थापना दिवस मनाएगा।
इस दिन स्वयंसेवक नगर में पथ संचलन भी निकालते हैं, लेकिन इस बार नागपुर में यह नहीं निकाला जाएगा। देश के बाकि स्थानों के लिए भी स्वयंसेवकों से वहां के स्थानीय प्रशासन के दिशानिर्देशों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। विजयादशमी पर सरसंघचालक के उद्बोधन का स्वयंसेवकों को वर्षभर इंतजार रहता है। उद्बोधन में संघ प्रमुख जिन बातों को कहते हैं, उसके आधार पर संघ एक वर्ष का अपना कामकाज तय करता है। बता दें कि हर वर्ष यह उत्सव नागपुर में संघ मुख्यालय के नजदीक स्थित रेशिम बाग में आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और लोगों की मौजूदगी रहती है।
वहीं, मुख्य अतिथि को भी आमंत्रित किया जाता है। पूर्व में एचसीएल के चेयरमैन शिव नडार व नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी जैसे प्रतिष्ठित लोग मुख्य अतिथि रह चुके हैं। उत्सव में शस्त्र पूजन, शारीरिक व अभ्यास होता है। इस संबंध में संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि कोरोना को ध्यान में रखते हुए नागपुर में आयोजित होने वाले विजयादशमी उत्सव के आयोजन में यह बदलाव किए गए हैं। इस बार भी कोई अतिथि नहीं बुलाया गया है।
वैसे, शस्त्र पूजन, शारीरिक व प्रार्थना होगी। सुबह सवा आठ बजे सरसंघचालक का उद्बोधन होगा, जिसका प्रसारण इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाएगा।