दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड में भी स्कूल-अस्पताल बनाने की जरूरत : कोठियाल
कर्नल अजय कोठियाल सबसे पहले विद्यालय पहुंचे और प्रिंसिपल कक्ष का निरीक्षण किया। वहां पर किस प्रकार से स्कूल की निगरानी की जाती है। इसके बारे में जाना। इसी के साथ एक्टिविटी रूम स्मार्ट क्लास कंप्यूटर लैब व स्मार्ट स्विमिंग पुल का निरीक्षण कर शिक्षक व छात्राओं से बातचीत की।
नई दिल्ली [पुष्पेंद्र कुमार]। उत्तराखंड में आप के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल ने मंगलवार को वेस्ट विनोद नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय व ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के स्कूल व अस्पताल की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने दिल्ली सरकार के माडल की तारीफ की।
आम आदमी पार्टी ही ला सकती है स्कूल और अस्पताल में सुधार
अजय कोठियाल ने कहा कि इस प्रकार के माडर्न स्कूल व अस्पताल उत्तराखंड में भी बनाने की जरूरत है। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार ही स्कूल व अस्पताल की हालत सुधार ला सकती है।
सबसे पहले किया प्रिंसिपल कक्ष का निरीक्षण
कर्नल अजय कोठियाल सबसे पहले विद्यालय पहुंचे और प्रिंसिपल कक्ष का निरीक्षण किया। वहां पर किस प्रकार से स्कूल की निगरानी की जाती है। इसके बारे में जाना। इसी के साथ एक्टिविटी रूम, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब व स्मार्ट स्विमिंग पुल का निरीक्षण कर शिक्षक व छात्राओं से बातचीत की।
स्मार्ट क्लास और बिजनेस बूस्टर के बारे में ली जानकारी
स्मार्ट क्लास में छात्रों को आडियो व वीडियो की मदद से दिल्ली सरकार के विशेषज्ञों द्वारा बिजनेस बूस्टर के बारे में पढ़ाया जा रहा था, उसकी जानकारी ली।
कैमरे के माध्यम से हो रही लाइव हार्ट सर्जरी को देखा
इसके बाद ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्था व मरीजों में मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में उन्होंने कैमरे के माध्यम से लाइव हार्ट सर्जरी देखी। अस्पताल में मरीजों का हाल जाना और उनसे पूछा कि उनके इलाज में कितना खर्च हुआ है और सरकार की तरफ से क्या मदद की गई है।