Move to Jagran APP

दिल्ली की इन बस्तियों में बढ़ा मच्छरजनित बीमारियों का खतरा, 800 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा

डेंगू-चिकनगुनिया के दो-दो नए मरीजों की पुष्टि बीते एक सप्ताह में हुई है। निगम की रिपोर्ट के अनुसार डेंगू के दो नए मरीजों के साथ कुल मरीजों की 40 हो गई है तो वहीं चिकनगुनिया के भी दो नए मरीजों के बाद कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Tue, 20 Jul 2021 07:00 PM (IST)Updated: Tue, 20 Jul 2021 07:00 PM (IST)
दिल्ली की इन बस्तियों में बढ़ा मच्छरजनित बीमारियों का खतरा, 800 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा
निगम ने चलाया विशेष अभियान, 800 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। बरसात के बाद मच्छरजनित बीमारियों का खतरा और बढ़ गया है। इसके लिए सबसे ज्यादा खतरनाक झुग्गी बस्तियां हो सकती है। निगम के विशेष सर्वेक्षण में 800 झुग्गी बस्तियों में निगम को मच्छरों को पनपने की पुष्टि हुई है। इस पर सख्त कदम उठाते हुए निगम ने नोटिस जारी करने से लेकर चालान की कार्रवाई की है। वहीं, अभी बची हुई बस्तियों में भी सर्वेक्षण किया जा रहा है ताकि समय रहते लोगों को जागरुक किया जा सके साथ ही निगम भी जरुरी कदम उठा सके।

loksabha election banner

दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सुर्यान ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम लगातार जागरुकता अभियान चला रहा है। ऐसे में लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वह मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति सजग रहे। उन्होंने बताया कि निगम के द्वारा इस संबंध में झुग्गी बस्तियों में विशेष जागरुकता एवं सर्वेक्षण अभियान चलाया गया है। इसके तहत 42 हजार घरों का निरीक्षण किया गया। इसमें 800 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। जिनको नोटिस और चालान की कार्रवाई की गई है।

महापौर ने बताया कि लोगों को जागरुक करने के लिए विभिन्न उपायों को अपनाया जा रहा है। इसके तहत 23 हजार से ज्यादा हैंडबिल वितरित किए गए हैं तो वहीं 1627 स्टीकर लगाए गए और 105 बैनर भी लगाए जा चुके हैं। लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि पानी के बर्तन व टंकियों को ढ़क कर रखे और कूलर के पानी को बदलते रहे। उल्लेखनीय है कि निगम ने इससे पूर्व सरकारी संस्थानों और निर्माणधीन साइटों का निरीक्षण किया था। इसमें बढ़ी मात्रा में मच्छरों का लार्वा मिला था। इसको लेकर निगम ने चालान की भी कार्रवाई की थी।

डेंगू-चिकनगुनिया के दो-दो मरीजों की पुष्टि

राजधानी में डेंगू-चिकनगुनिया के दो-दो नए मरीजों की पुष्टि बीते एक सप्ताह में हुई है। निगम की रिपोर्ट के अनुसार डेंगू के दो नए मरीजों के साथ कुल मरीजों की 40 हो गई है तो वहीं चिकनगुनिया के भी दो नए मरीजों के बाद कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है। वहीं, मलेरिया का कोई मरीज बीते एक सप्ताह में सामने नहीं आया है। हालांकि इस वर्ष अब तक 17 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। डेंगू का एक मरीज पूर्वी निगम क्षेत्र से सामने आया है जबकि दूसरे मरीज के पते की पुष्टि नहीं हुई है। इसी तरह चिकनगुनिया के दो नए मरीजों के भी पते की पुष्टि नहीं हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.