Delhi Crime News: मस्जिद में पढ़ने गए बच्चे का शव छत पर मिला
वीरवार शाम को वह मस्जिद गया था। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटा तो स्वजन ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। नहीं मिलने पर उन्होंने रिश्तेदारों के यहां फोन कर उसके बारे में पता किया लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। खजूरी इलाके में एक बच्चे का शव मस्जिद की छत पर बदरपुर और ईंटों में दबा मिला है। बच्चा वीरवार को इसी मस्जिद में हाफ्जा करने के लिए गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। बच्चे की मौत कहां और कैसे हुई। इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में हत्या किए जाने की आशंका है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल इस मामले में मस्जिद के मौलवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक श्रीराम कॉलोनी की गली नंबर 11 निवासी शमीम का बेटा फरहान घर के पास ही मदीना मस्जिद से कुरआन के हाफ्जे की पढ़ाई कर रहा था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वीरवार शाम को वह मस्जिद गया था। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटा तो स्वजन ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। नहीं मिलने पर उन्होंने रिश्तेदारों के यहां फोन कर उसके बारे में पता किया, लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फरहान को इलाके में काफी ढूंढा, लेकिन उसका कही कुछ पता नहीं चला।
ईंटो से ढका हुआ था शव
शुक्रवार की देर शाम को पुलिस ने मस्जिद के पास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसमें फरहान वीरवार शाम को मस्जिद में जाते हुए नजर आ रहा है, लेकिन बाहर नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने मस्जिद के अंदर बच्चे की तलाश की तो शव तीसरी मंजिल पर बदरपुर व ईंटो से ढका हुआ मिला। ऐसी आशंका वक्त की जा रही है कि बच्चे की हत्या करके शव को यहां छिपाया गया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मस्जिद में बच्चों की छुट्टी रहती है, लेकिन जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में जुटते है। किसी की नजर बच्चे पर नहीं पड़ी यह अपने आप मे हैरत में डालता है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो