दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग के साथ हुआ सप्ताह का आगाज, ठंड भी बढ़ी
सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में लोगों को स्मॉग देखने को मिला। दफ्तरों के लिए निकले लोगों को कार की फॉग लाइट जलानी पड़ी।
नई दिल्ली, जेएनएन। इस बार नवंबर महीने में ठंड ने दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे दी है। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में लोगों को स्मॉग देखने को मिला। स्मॉक इतना घना था कि दफ्तरों के लिए निकले लोगों को कार की फॉग लाइट जलानी पड़ी।
यह स्थिति दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद व गुड़गांव में भी रही। हालांकि, स्मॉग के चलते लोगों को ज्यादा दिक्कत नहीं आई, लेकिन आने वालों दिनों कोहरा भी हो सकता है। इसके साथ ही औसत तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। रात के तामपान में गिरावट का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के पास रहा। पिछले कई सालों के दौरान यह पहला मौका है, जब नवंबर महीने के पहले सप्ताह में तापमान इतना गिरा हो।
दिवाली के बाद और बढ़ेगी ठंड
आने वाले दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड धीरे-धीरे बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ लगातार दस्तक देंगे, जिससे मौसम में बदलाव होगा। अगले 20 दिनों में दो से तीन बार पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावना है। हालिया पश्चिमी विक्षोभ 8 नवंबर को आएगा, जिससे न्यूनतम तापमान 8 एवं 9 नवंबर को 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
रविवार को ऐसा रहा हाल
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 29.7 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा 18 दर्ज किया गया। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 75 फीसद और न्यूनतम 41 दर्ज हुआ। सोमवार को सुबह धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान में भी होगी गिरावट
स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा में बदलाव आएगा। 20 नवंबर के बाद से ठंडी हवा पहाड़ों से दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में पहुंचेगी। इनसे अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। उन्होंने उम्मीद जताई जा रही है कि उस दौरान न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है।