Red Fort Violence: इकबाल के बाद अब सुखदेव सिंह गिरफ्तार, 50 हजार रुपये रखा गया था इनाम
लालकिला पर हिंसा के मामले में पुलिस ने सुखदेव सिंह नाम के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। सुखदेव पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि सुखदेव 26 जनवरी को लाल किला पर रात दस बजे तक मौजूद था।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किला पर हिंसा के मामले में पुलिस ने सुखदेव सिंह नाम के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। सुखदेव पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि सुखदेव 26 जनवरी को लाल किला पर रात दस बजे तक मौजूद था। इसके बाद वह सिंघु बॉर्डर गया। फिर बाद में पंजाब चला गया था। अब आरोपित को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी।
इससे पहले पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू और इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया गया था। दीप पर एक लाख और इकबाल सिह पर 50 हजार रुपये घोषित किया गया था।
लाल किले से एक घंटे तक फेसबुक पर लाइव था इकबाल: पुलिस
गणतंत्र दिवस पर उपद्रव के मामले में गिरफ्तार इकबाल सिंह घटना वाले दिन लाल किले से एक घंटे तक फेसबुक पर लाइव था। पुलिस उसके विदेशी फंडिग की भी जांच कर रही है। हालांकि, पूछताछ में इकबाल ने सफाई दी है कि उसके खाते में कुछ भी पैसा नहीं है। पुलिस को 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें इकबाल की करतूत कैद है। वह लगातार प्रदर्शनकारियों को उपद्रव करने के लिए उकसा रहा है। पूछताछ में उसने 25 जनवरी को शीशगंज गुरुद्वारे में ठहरने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि इकबाल ने पंजाब के एक लोकल न्यूज चैनल का माइक हाथ में लेकर काफी देर तक भड़काऊ भाषण भी दिया था। पुलिस उस चैनल के बारे में पता लगाने पंजाब जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इकबाल अपना वीडियो वायरल कर व भाषण देकर प्रदर्शनकारियों से कह रहा था कि वे सीधे लाल किले के अंदर घुस जाएं। अगर दरवाजा बंद है तो उसे तोड़ दें। पुलिस वाले अगर रोकने की कोशिश करें तो उन पर भी हमला करें।