AAP से गठबंधन के कयासों के बीच शीला दीक्षित का बड़ा बयान, सातों सीटों रहें तैयार
अध्यक्ष शीला दीक्षित ने सेवादल के कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के लिए मतदाताओं से मिलना जुलना शुरू कर दें।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) अध्यक्ष शीला दीक्षित ने सेवादल के कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव और दिल्ली की सातों सीटों को जिताने के लिए कमर कसने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सेवादल के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने के लिए मतदाताओं से मिलना जुलना शुरू कर दें। शीला दीक्षित प्रदेश पार्टी कार्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मंगतराम ¨सघल, रमाकांत गोस्वामी, प्रवक्ता जितेंद्र कोचर, सेवादल के प्रदेश प्रभारी दिनेश कौशिक और प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार इत्यादि उपस्थित रहे। इस सम्मेलन का मकसद लोकसभा चुनाव में सेवादल का रोल और कार्यशैली पर विचार-विमर्श था।
सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि सेवादल के सभी कार्यकर्ता दिल्ली में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तन, मन, धन और लगन के साथ अपना कार्य करेंगे और चुनाव में अपनी भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश प्रभारी दिनेश कौशिक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में सेवादल की एक अलग ही भूमिका है जो कांग्रेस को गौरवान्वित करती है। उन्होंने कहा कि हमें सेवादल कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे दिल्ली की सातों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों को जीत दिलाने में अपना भरपूर सहयोग करेंगे।
इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्य कोऑर्डिनेटर सुभाष चंद, हीरालाल चौहान, राजपाल चौहान, गीता, उषा रैना, सेवादल के जिला अध्यक्ष तरुण चौधरी, राजेश शर्मा, सुरेश चंद गुप्ता, प्रदीप शर्मा, विनोद शर्मा, योगेश जैन, उत्तम जैन, शिव शंकर, मनीषा, भूषण गोयल इत्यादि भी उपस्थित रहे।