Shaheen Bagh: दिल्ली के शाहीन बाग में 5 महीने बाद खुली दुकानें, देखें नजारा
Shaheen Bagh शाहीन बाद में पूरे पांच महीने बाद दुकानें खुली हैं। पहले आंदोलन और फिर कोरोना वायरस संक्रमण के चलते यहां पर सबकुछ बंद कर दिया गया था।
नई दिल्ली, एएनआइ। Shaheen Bagh: दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में तकरीबन 5 महीने बाद रौनक लौटी है। दिल्ली के अन्य इलाकों की तरह शाहीन बाग में भी दुकानें खुली हैं। यह अलग बात है कि शुक्रवार को इक्का-दुक्का लोग नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यहां पूर्व की तरह नजारा दिखने लगेगा।
नहीं दिखाई दे रहे लोग
जहां पर सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ दिखाई देती थी वहां शुक्रवार को सुबह दुकानें खुलने के बाद भीड़ नहीं के बराबर थी। लग ही नहीं रहा है कि दो दिन बाद ईद है।
डर से लोग घर में कैद
बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण के खौफ के चलते लोग घरों में कैद हैं। लोग ईद होने के बावजूद खरीदारी के लिए घर से नहीं निकल रहे हैं। बेहद जरूरी और दिनचर्या के लिए जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
यह भी जानें
शाहीन बाग इलाके में 15 दिसंबर ही लगातार नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। यहां तक कि दिल्ली विधानसभा चुनाव यानी मतदान के दिन 8 फरवरी को ही यहां से धरना सिमटा, लेकिन यह फिर शुरू हो गया।
नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के खिलाफ 3 महीने से चल रही दक्षिण दिल्ली के शाहीन बाग में प्रदर्शन को 24 मार्च को दिल्ली पुलिस ने खत्म करवा दिया था। शाहीन बाग में दोनों ओर की सड़क को 24 मार्च को सुबह 7 बजे पुलिस ने खाली करवा लिया था। पुलिस की इस कार्रवाई में शाहीन बाग से कुल 9 लोग हिरासत में लिए गए थे, जिनमें 6 महिलाएं और 3 पुरुष थे। दिल्ली पुलिस का मानना है कि लॉक डाउन और दिल्ली में धारा-144 लागू होने के दौरान आवश्यक वस्तुओं और इमरजेंसी वाहनों के आवागमन में दिक्कत न हो, इसलिए यह कार्रवाई की गई।