Delhi Accident News: फुटपाथ से टकराकर फ्लाईओवर से नीचे लटकी स्कार्पियो, मां की मौत, बेटा घायल
दिल्ली में रविवार को एक हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा स्कार्पियो रविवार तड़के सत्यवती फ्लाईओवर के फुटपाथ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान कार सवार महिला की मौत हो गई व उनके बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।

नई दिल्ली [सोनू राणा]। तेज रफ्तार महिंद्रा स्कार्पियो रविवार तड़के सत्यवती फ्लाईओवर के फुटपाथ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान कार सवार महिला की मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की पहचान अशोक विहार की पूनम भाटिया व उनके बेटे की पहचान वत्स भाटिया के रूप में हुई है।
पूनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भेज दिया है। वहीं वत्स को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया है। फिलहाल भारत नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पांच बजे वत्स व उनकी मां पूनम कार में सवार होकर आजादपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान स्कार्पियों की रफ्तार काफी ज्यादा थी। जैसे ही तेज रफ्तार स्कार्पियो फुटपाथ से टकराई, वह अनियंत्रित हो गई व फ्लाईओवर की कंक्रीट की दीवार को तोड़कर नीचे लटक गई।
इस दौरान पूनम फ्लाईओवर से नीचे गिर गई व कार चला रहे उनके बेटे वत्स कार में ही रहे। पुलिस ने दोनों को दीप बंधू अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर पूनम को मृत घोषित कर दिया व वत्स को दूसरे अस्पताल में भर्ती करवाया। स्वजन ने बताया कि पूनम, पति रितेश और उनके इकलौते बेटे वत्स के साथ अशोक विहार फेस-एक में रहती थी। दुर्घटना के बाद से रितेश बेसुध हैं।
घटना के दौरान फ्लाईओवर से गुजर रहे चश्मदीद ने बताया कि सुबह वह काम पर जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो फ्लाईओवर से आजादपुर की ओर जा रही थी। थोड़ी देर बाद उन्हें जोर से आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि स्कार्पियो फ्लाईओवर की साइड पर बनी कंक्रीट की दीवार को तोड़कर नीचे लटकी हुई है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि भारत नगर थाना पुलिस को रविवार सुबह सत्यवती फ्लाईओवर पर दुर्घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिंद्रा स्कार्पियो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी मिली। महिला फ्लाइओवर के नीचे गिरी हुई थी और उनका बेटा वत्स गंभीर रूप से जख्मी था। दोनों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया जहां पर महिला की मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
Edited By Geetarjun Gautam