RSS प्रमुख भागवत ने वाल्मीकि मंदिर में टेका माथा, श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण महाअभियान किया शुरू
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत ने दिल्ली में मंदिर मार्ग स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में माथा टेका कर श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण महाअभियान का प्रारम्भ किया। बता दें कि यूपी के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का काम चल रहा है।
नई दिल्ली [नेमिष हेमंत]। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत ने दिल्ली में मंदिर मार्ग स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में माथा टेका कर श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण महाअभियान का प्रारम्भ किया। इस अवसर पर मंदिर के संत स्वामी श्रीकृष्ण शाह विद्यार्थी महाराज ने सरसंघचालक का स्वागत किया। भागवत ने स्वामी जी को श्री राम मंदिर का प्रारूप भेंट किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृतियों को किया साझा
इस निधि समर्पण महाभियान में स्वामी श्रीकृष्ण शाह विद्यार्थी महाराज ने भी अपना योगदान दिया और अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में भगवान वाल्मीकि की गरिमा के अनुरूप उनका विग्रह स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से जुड़ी स्मृतियों को श्रीकृष्ण शाह महाराज ने सरसंघचालक से साझा की।
दिल्ली में एक फरवरी से शुरू होगा जनअभियान
राष्ट्रीय राजधानी मेें वैसे तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ हो गया, पर औपचारिक रूप से जन अभियान एक फरवरी से शुरू होगा, जो 23 फरवरी तक चलेगा।
संगठन की दृष्टि से दिल्ली को 30 जिलों में बांटा गया है
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) दिल्ली के प्रांत प्रचार प्रमुख महेंद्र रावत ने बताया कि अभियान में 150 से अधिक टोलियां लगेंगी। संगठन की दृष्टि से दिल्ली को 30 जिलों में बांटा गया है, हर जिले में पांच से सात टोलियां लोगाें से संपर्क करेंगी। पूरे अभियान में समन्वय के लिए झंडेवाला मंदिर में समन्वय कार्यालय बनेगा।
बता दें कि राम मंदिर का निर्माण उत्तर प्रदेश के अयोध्या में होने जा रहा है। इसके लिए पीएम मोदी ने नींव पूजन का काम किया था। इसके बाद से ही इसके नक्शे और अन्य डिजाइन पर चर्चा आरंभ हो गई है। अब इसके लिए पैसे की व्यवस्था करनी है जो एक अभियान चला कर पूरा किया जा रहा है। इस अभियान में हर भारतीय अपनी स्वेच्छा से भाग ले रहा है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो