Road Accident: पार्टी के बाद सैर पर निकले दो भाई, सड़क दुर्घटना में एक की मौत दूसरा घायल
ददलाना गांव के लोगों ने बताया कि आकाश अपने पिता के इकलौते बेटे थे। इनकी एक बहन है जिनकी शादी हो चुकी है। ये अविवाहित थे।इनके पिता ब्रह्म सिंह राणा पानीपत रिफाइनरी में ठेकेदारी का काम करते हैं। आकाश के निधन की सूचना सुनकर पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
नई दिल्ली [गौतम मिश्रा]। दिल्ली के द्वारका में एक सड़क दुर्घटना हो गई है। इसमें एक शख्स की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रुप से घायल है। देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतक का नाम आकाश राणा है। वहीं घायल का नाम राहुल राणा है। दोनों चचेरे भाई हैं। आकाश मूल रूप से हरियाणा के पानीपत स्थित ददलाना गांव के रहने वाले थे। आकाश व राहुल द्वारका में आयोजित होने वाले एक बीमा कंपनी के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए बुधवार सुबह अपने साथियों के साथ गांव से दस बजे सुबह निकले थे।
होटल में कार्यक्रम के बाद सैर पर निकले थे दोनों भाई
कार गांव में ही रहने वाले इनके साथी की है। द्वारका स्थित ताज विवांता होटल में कार्यक्रम के बाद ये सैर के लिए होटल से निकले। कार आकाश चला रहे थे। दूसरी सीट पर राहुल बैठे थे। गांव से आए इनके अन्य साथी होटल में ही रुके थे। कार जब सेक्टर छह की लाल बत्ती पर पहुंची तो इनकी कार का सामना एक मर्सिडीज कार से हुआ।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
यहीं पर जबरदस्त टक्कर से इनकी फोर्ड कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलने पर फौरन पुलिस पहुंची तो कार से दोनों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां आकश को मृत घोषित कर दिया गया। उधर हादसे के बाद मर्सिडीज कार का चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। छानबीन में पता चला कि कार किसी अजय कुमार नामक व्यक्ति के नाम पर है। अजय अपने स्वजन के साथ द्वारका में ही रहते हैं। कार का रजिस्ट्रेशन झारखंड में कराया गया है। मामले की तहकीकात जारी है।
पुलिस कर रही मामले की तहकीकात
ददलाना गांव के लोगों ने बताया कि आकाश अपने पिता के इकलौते बेटे थे। इनकी एक बहन है जिनकी शादी हो चुकी है। ये अविवाहित थे। इनके पिता ब्रह्म सिंह राणा पानीपत रिफाइनरी में ठेकेदारी का काम करते हैं। आकाश के निधन की सूचना सुनकर पूरे गांव में शोक व्याप्त है। उधर, राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। वे अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना का क्या कारण है, इसे लेकर फिलहाल न तो पुलिस और न ही पीड़ित पक्ष के स्वजन कुछ बोलने को तैयार हैं।