Move to Jagran APP

रेवाड़ी सामुहिक दुष्कर्मः पुलिस ने हर कदम पर बरती लापरवाही, राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त

मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने हरियाणा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महिला आयोग के अनुसार इतने संगीन केस में भी पुलिस ने हर कदम पर लापरवाही बरती है।

By Amit SinghEdited By: Published: Thu, 20 Sep 2018 07:06 PM (IST)Updated: Fri, 21 Sep 2018 07:34 AM (IST)
रेवाड़ी सामुहिक दुष्कर्मः पुलिस ने हर कदम पर बरती लापरवाही, राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त
रेवाड़ी सामुहिक दुष्कर्मः पुलिस ने हर कदम पर बरती लापरवाही, राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त

नई दिल्ली (जेएनएन)। हरियाणा के बहुरचर्चित रेवाड़ी सामुहिक दुष्कर्म मामले में अब पुलिस भी घिरती नजर आ रही है। मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने हरियाणा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महिला आयोग के अनुसार इतने संगीन केस में भी पुलिस ने हर कदम पर लापरवाही बरती है।

loksabha election banner

महिला आयोग की जांच टीम के अनुसार इस केस में पुलिस की तरफ से तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने 12 सितंबर को हुई घटना की जीरो एफआइआर 13 सितंबर की सुबह साढ़े तीन बजे जीरो दर्ज की। इसे तकरीबन 16 घंटे की देरी से देर शाम सवा सात बजे जांच के लिए संबंधित थाने को ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने मौका-ए-वारदात (सीन ऑफ क्राइम) को भी सील नहीं किया। इस वजह से फॉरेंसिक नमूने तहस-नहस हो गए। परिजन ने सामूहिक दुष्कर्म में 10-12 लोगों के शामिल होने की आशंका व्यक्त की है। वहीं पुलिस ने मामले में दुष्कर्म करने वाले तीन मुख्य आरोपियों समेत कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है।

हरियाणा पुलिस ने इस केस में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दुष्कर्म करने वाला मुख्या आरोपी निशु है। दूसरा डॉक्टर संजीव है, जिसने दुष्कर्म के बाद हालत बिगड़ने पर छात्रा का प्राथमिक इलाज किया था। हालांकि उसने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। तीसरा आरोपी दीन दयाल है जिसके कमरे पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था।

इसके अलावा पुलिस को छात्रा संग दुष्कर्म करने वाले पंकज और मनीष की भी तलाश है, जो फरार चल रहे हैं। पंकज सेना का जवान है। वह पीड़ित छात्रा को पहले से जानता था। बताया जा रहा है कि उसी पर भरोसा कर छात्रा इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुई है।

पंकज की फरारी से उसका परिवार भी काफी परेशान है। यही वजह है कि सोमवार को उसकी बहन ने मीडिया के सामने अपने भाई से अपील की थी कि वह आत्मसमर्पण कर दे। पंकज फिलहाल राजस्थान में तैनात है। पुलिस मामले में सेना को भी पंकज की जानकारी दे चुकी है।

छात्रा संग सामूहिक दुष्कर्म की ये वारदात 12 सितंबर को हुई थी। कोचिंग से लौटते वक्त छात्रा का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद आरोपी उसे एक खेत में ट्यूबवेल के पास बने कमरे में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

घटना से मचा हुआ है राजनीतिक हड़कंप

सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना से राजनीतिक हड़कंप मचा हुआ है। सभी विरोधी पार्टियां राज्य में बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर हरियाणा सरकार पर लगातार हमला कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर के नेता तक इस पीड़िता छात्रा को देखने के लिए अस्पताल पहुंच रहे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। इस वजह से ये मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.