Kisan Andolan: 25 जनवरी की रात रची गई थी लाल किला हिंसा की साजिश, सामने आई लक्खा सिंह सिधाना की 'हरकत'
26 Jan Red Fort Violence साजिश के तहत 25 जनवरी की रात को गैंगस्टर लक्खा सिधाना ने कमेटी के मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया था तो दीप सिद्धू ने संयुक्त किसान मोर्चा के मंच से। दीप सिद्धू ने तो तिरंगे पर भरोसा न होने की बात तक कही थी।
नई दिल्ली [सोनू राणा]। 26 Jan Red Fort Violence: तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद कराने की मांग को लेकर दिल्ली-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई बॉर्डर पर किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच आगामी शुक्रवार को धरना प्रदर्शन के 4 महीने पूरे होने पर भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसके तहत शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की बात कही गई है। वहीं, इस बीच दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर अपने समूह के साथ बैठे किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर लगातार विवादित बयानबाजी करते रहे हैं। बताया जा रहा है कि 26 जनवरी को हुए उपद्रव से पहले उपद्रवी दीप सिद्धू, लक्खा सिधाना, सरवन सिंह पंधेर व कमेटी के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू की मुलाकात भी हुई थी।
कहा जा रहा है कि उन्होंने साजिश पहले ही रच ली थी। इसके तहत 25 जनवरी की रात को गैंगस्टर लक्खा सिधाना ने कमेटी के मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया था तो दीप सिद्धू ने संयुक्त किसान मोर्चा के मंच से। दीप सिद्धू ने तो तिरंगे पर भरोसा न होने की बात तक कही थी।
यह भी पता चला है कि लक्खा सिंह सिधाना 25 जनवरी की रात को राष्ट्रीय राजमार्ग एक पर दिल्ली की सीमा में पेट्रोल पंप के पास लगाए गए बैरिकेड देखने पहुंचा था। इसके करीब दस घंटे के बाद ही उन्होंने बैरिकेड तोड़ दिए थे और लाल किले में उपद्रव किया था। पंधेर ने ही प्रदर्शनकारियों को लाल किले में भेजा था। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के मंच से ही लगातार खालिस्तान समर्थक रहे जरनैल सिंह भिंडरावाला के जयकारे भी लग रहे हैं।
बजाया गया नगाड़ा
उधर, यूपी गेट पर चल रहे धरनास्थल पर मंगलवार को नगाड़ा लाया गया। प्रदर्शनकारियों ने नगाड़ा बजाया और इसकी लय पर नाचते हुए गुलाल भी उड़ाया।
भगत सिंह के लगाए पोस्टर
प्रदर्शनकारियों ने यूपी गेट पर एक ट्रक पर शहीद सरदार भगत सिंह के पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों में भगत सिंह के जीवन से संबंधित बातें लिखी गई थी।