Red Fort Violence: दीप सिद्धू ने बताया लाल किले के बाद इंडिया गेट जाने की थी तैयारी
Deep Sidhu News ट्रैक्टर रैली के दौरान उपद्रवियों ने दिल्ली में जमकर उत्पात मचाया था। वहीं उपद्रवी लालकिले में घुसने में सफल हो गए थे और उन्होंने प्राचीर पर केसरिया झंडा भी फरार दिया था। इकबाल सिंह ने लोगों को लाल किले में प्रवेश करने के लिए उकसाया था।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। Deep Sidhu News : गणतंत्र दिवस के दिन लाल किला पर उपद्रव मचाने के मामले में गिरफ्तार पंजाबी गायक दीप सिद्धू सहित इकबाल सिंह को क्राइम ब्रांच शनिवार को लालकिला लेकर गई। वहां पुलिस ने उस क्राइम सीन को रीक्रिएट किया जैसा घटना वाले दिन हुआ था। वहीं, पुलिस दोनों को लेकर उस मार्ग पर भी गई। जिससे वे लाल किला पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उनसे अन्य जानकारी भी हासिल की। उधर पुलिस पूछताछ में दीप सिद्धू ने बताया कि लाल किले के बाद इंडिया गेट भी जाना चाहता था। लेकिन, हंगामा बढ़ जाने के कारण वह वहां नहीं गया था। उधर इकबाल सिंह ने उपद्रवियों को लालकिला में जाने के लिए कैसे उकसा रहा था इसकी जानकारी पुलिस को दी।
दीप सिद्धू और इकबाल सिंह को लालकिला ले जाकर हुई जांच
26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान उपद्रवियों ने दिल्ली में जगह-जगह जमकर उत्पात मचाया था। वहीं, उपद्रवी लालकिले में घुसने में सफल हो गए थे और उन्होंने प्राचीर पर केसरिया झंडा भी फरार दिया था। इकबाल सिंह ने लोगों को लाल किले में प्रवेश करने के लिए उकसाया था। जबकि झंडा फहराते वक्त दीप सिद्धू वहां मौजूद था।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रखा है। जांच के लिए क्राइम ब्रांच की टीम घटना वाले दिन का सीन को रीक्रिएट करने के लिए शनिवार की दोपहर चाणक्यपुरी स्थित कार्यालय से आरोपित दीप सिद्धू और इकबाल सिंह को लेकर लाल किला पहुंची। इस दौरान दोनों किस मार्ग से लालकिले पहुंचे थे। इसकी जानकारी भी पुलिस ने हासिल की। वहीं, पुलिस ने उनसे घटना वाले दिन किस तरह से उपद्रवियों को भड़का रहे थे इससे बारे में भी पूछा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में दीप सिद्धू ने बताया था कि लॉकडाउन के कारण उसे काम नहीं मिल रहा था। लिहाजा खाली होने के कारण कृषि कानून के विरोध में आंदोलन से प्रेरित होकर वह दिल्ली आ गया था। जब वह आंदोलनकारियों के बीच जाता था तो सेलिब्रिटी होने के कारण युवा उसकी बातों को ध्यान से सुनते थे और विरोध स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटती थी। लोकप्रियता मिलने के कारण वह धरने में रुका रहा।
ये भी पढ़ेंः Farmer Protest: ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि गिरफ्तार, किया चौंकाने वाला खुलासा
यही नहीं ट्रैक्टर परेड से पहले ही दीप सिद्धू ने पुलिस द्वारा निर्धारित मार्ग पर नहीं जाने का मन बना लिया था। वहीं, लाल किले पर लोगों के पहुंचने की खबर के बाद वह भी वहां चला गया था। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह लालकिले के बाद इंडिया गेट भी जाना चाहता था। लेकिन इस दौरान कई जगह हिंसा और पुलिस की सक्रियता के कारण वह लाल किला से वापस सिंघु बार्डर चला गया था। वहीं, दीप सिद्धू और इकबाल सिंह ने किसी भी कट्टरपंथी संगठन से अपना रिश्ता नहीं होने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि वह किसी भी कट्टरपंथी संगठन और उससे जुड़े व्यक्ति को नहीं जानते हैं।