Red Fort Violence: छह राज्यों में छिपने के ठिकाने खोजता रहा दीप सिद्धू, सात दिन की रिमांड पर
राजधानी में ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किले पर उपद्रव मचाने वाला मुख्य आरोपी दीप सिद्धू छह राज्यों में छिपने के ठिकाने खोजता रहा। आखिर में उसे हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दीप को खोजने के लिए अलग-अलग राज्यों में डेरा डाले रही।
नई दिल्ली, विनय तिवारी। राजधानी में ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किले पर उपद्रव मचाने वाला मुख्य आरोपी दीप सिद्धू चार राज्यों में छिपने के ठिकाने खोजता रहा। पुलिस से बचने के लिए वो पंजाब, यूपी, रांची, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा व मुंबई में छिपता रहा। आखिर में उसे पुलिस ने हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दीप को खोजने के लिए अलग-अलग राज्यों में डेरा डाले रही, उसके तमाम रिश्तेदारों पर नजर गड़ाए रही। इस बीच दीप अपने दोस्तों के मोबाइल से वीडियो बनाता रहा उसे सोशल साइट पर अपलोड करता रहा, अपने को बेकसूर बताता रहा। साथ ही ये भी कहता रहा कि यदि उसने मुंह खोला तो कई लोगों के राज खुल जाएंगे।
हिरासत में लेने के बाद दीप को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया, पुलिस ने कोर्ट से 10 दिन की रिमांड मांगी थी मगर कोर्ट ने पुलिस को सात दिन की रिमांड दी है। अब पुलिस इन दिनों में उससे पूछताछ करके तमाम राज उगलवाएगी।
पुलिस की स्पेशल टीम दीप के हर वीडियो को देखती रही, बारीकी से उसकी छानबीन करती रही। इलेक्ट्रिक सर्विलांस की टीम उसके मोबाइल की मूवमेंट को देखती रही मगर वो पकड़ में नहीं आ रहा था। पुलिस पर दीप को गिरफ्तार करने का दबाव था। इसके लिए उस पर एक लाख रूपये का इनाम तक घोषित कर दिया गया। मगर फिर भी कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस दीप के हर दूर और नजदीक के रिश्तेदार और उनके मूवमेंट पर भी नजर बनाए हुए थी। इस बीच पुलिस को उसकी गर्लफ्रेंड के बारे में पता चला उसके मोबाइल को भी सर्विलांस पर लगाया गया। मगर फिर भी दीप पकड़ में नहीं आया। पुलिस जब एक जगह पहुंचती तो वो अपना ठिकाना बदल लेता। दीप भी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, यदि वो रूटीन में मोबाइल इस्तेमाल कर रहा होता तो पुलिस ने उसे काफी पहले दबोच लिया होता।
लगभग 12 दिनों के बाद पुलिस को दीप के हरियाणा में होने की पुख्ता जानकारी मिली, उसके बाद टीम ने वहां जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस को दीप से पूछताछ करनी है, उसका मोबाइल फोन बरामद करना है जिस मोबाइल फोन से वो लाल किले के सामने से लाइव कर रहा था। फिलहाल स्पेशल सेल ने सीआरपीसी-41 सेक्शन में उसे गिरफ्तार किया है। ये सेक्शन वांटेड आरोपियों का होता है।