पढ़िये- दिल्ली, यूपी और हरियाणा समेत उत्तर भारत के लोगों को कब मिलेगी ठिठुरन से राहत
Weather News Update दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी का सितम अभी आठ- 10 दिन और जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान कुछ राहत तो मिलेगी लेकिन कभी दिन तो कभी रात की ठिठुरन परेशान करती ही रहेगी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी का सितम अभी आठ- 10 दिन और जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान कुछ राहत तो मिलेगी, लेकिन कभी दिन तो कभी रात की ठिठुरन परेशान करती ही रहेगी। अलबत्ता, महीने के अंतिम दिनों तक पहुंचते-पहुंचते ठिठुरन खत्म होने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसमी परिस्थितियां भी लगातार बदल रही हैं। मसलन, नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से अभी भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जबकि दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे है।
बृहस्पतिवार को सक्रिय होने वाले अगले पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार-शनिवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद दिन के तापमान में इजाफा होने लगेगा और रात के तापमान में गिरावट आने लगेगी। 27-28 जनवरी तक यह मौसती उतार-चढ़ृाव स्थिर हो जाएगा। इसके बाद तापमान में वृद्धि होने लगेगी।वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आर के जेनामणि बताते हैं कि अगले दो दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान आठ से 13 डिग्री तक चला जाएगा। अधिकतम तापमान भी दो दिन बाद 20 से 21 डिग्री हो जाएगा। लेकिन बारिश के बाद अधिकतम तापमान वापस 17 डिग्री के करीब आ जाएगा। 25 से अधिकतम तापमान बढ़ने लगेगा, लेकिन रात का तापमान पांच से छह डिग्री तक गिर जाएगा। इसलिए माह के अंतिम दिनों से ही राहत की उम्मीद की जानी चाहिए।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने भी कमोबेश यही बताया कि पश्चिमी विक्षोभों के असर से अभी कुछ दिन तापमान घटते-बढ़ते रहेंगे। लेकिन माह के अंत तक ठिठुरन खत्म हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ठंडे दिन या शीतलहर जैसे हालात तो उससे भी पहले ही खत्म हो जाएंगे।
मंगलवार को भी धूप खिलने के बावजूद दिन भर छूटी कंपकंपी
मंगलवार को दिन में धूप तो खिली, लेकिन ठिठुरन कम नहीं हुई। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में ठंडे दिन (सिवियर कोल्ड डे) वाली स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री कम 15.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम, लोधी रोड, रिज, आयानगर, जाफरपुर, नजफगढ़, नरेला, पीतमपुरा और मयूर विहार में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक कम रहा। अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से जाफरपुर और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस की ²ष्टि से आयानगर दिल्ली के सबसे ठंडे इलाके रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इससे पहले सुबह के समय कोहरा भी रहा, लेकिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 और 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।